BJP समर्थित आजसू उम्मीदवार सुनीता चौधरी ने रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव जीता
रामगढ़ (झारखंड)। आजसू पार्टी की उम्मीदवार सुनीता चौधरी ने 21,970 मतों के अंतर से संप्रग समर्थित कांग्रेस के प्रत्याशी बजरंग महतो को हराकर बृहस्पतिवार को झारखंड की रामगढ़ सीट का उपचुनाव जीत लिया। मतगणना पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग ने कहा कि भाजपा के साथ मिलकर उपचुनाव में उतरी आजसू पार्टी को 1,15,669 वोट मिले जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस को 93,699 मत मिले।
ये भी पढ़ें - महाराष्ट्र उपचुनाव : कांग्रेस ने भाजपा से छीनी कस्बा सीट
मतों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। इस निर्वाचन क्षेत्र में 27 फरवरी को उपचुनाव हुआ था जिसमें 67.96 प्रतिशत मतदान हुआ था। वैसे तो 14 निर्दलीय समेत 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आजसू के बीच था। कांग्रेस विधायक ममता देवी को आपराधिक मामले में दोषसिद्ध होने पर विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराये जाने के बाद यह उपचुनाव कराया गया।
ये भी पढ़ें - डॉक्टर के साथ बलात्कार करने, उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने का आरोपी गिरफ्तार
