Chaitra Navratri 2023: इस नवरात्रि महिलाओं से ये वादे कर बढ़ाएं उनका सम्मान
नवरात्रि शुरू होने वाले हैं। इस पर्व को देवी पूजा का पर्व माना जाता है। नवरात्रि के मौके पर माता दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। बता दें भारत पुरुष प्रधान देश है, लेकिन यहां महिलाओं को देवी माना जाता है। परिवार की बेटियों और बहुओं को माता लक्ष्मी का स्वरूप मानते हैं। माता को देवी अन्नपूर्णा समझा जाता है। भले ही महिलाएं नवदुर्गा का ही स्वरूप हैं, समाज में उनका ओहदा और भूमिका भी उतनी ही सम्मानित है लेकिन अक्सर ये देखा गया है कि नारी को यह सम्मान मिलता नहीं।
घर-परिवार में पुरुष ही नारी का नेतृत्व करते हैं, उनके जीवन से जुड़े फैसले लेते हैं। कैसे रहना है, क्या भविष्य होगा, यह सब पिता, भाई और पति पर निर्भर करता है। भले ही पुरुष अपने परिवार की महिलाओं के खुशहाल और सुरक्षित जीवन के लिए फैसला लेते हैं लेकिन महिलाओं को उनके अधिकार देना चाहिए। आप भी इस नवरात्रि पर देवी पूजन कर रहे हैं तो इस साल अपने जीवन से संबंधित महिलाओं से कुछ वादे करें। तो चलिए आज हम उन वादों के बारे में बताने जा रहे हैं जो एक पुरुष को महिलाओं से करना चाहिए।
जीवन के फैसले लेने की दें स्वतंत्रता
आज भी भारतीय समाज में ये देखा गया है कि पत्नी, बहन, बेटी और माता के जीवन का फैसला पुरुष ही करते हैं। पहले पिता, फिर पति और बाद में बेटा तय करता है कि महिला का जीवन कैसा होगा। अगर महिला कोई फैसला खुद से लेती है तो उनके लिए यह सही है या नहीं, इस बात का निर्णय भी पुरुष ही लेते हैं। इस नवरात्रि परिवार की महिलाओं से वादा करें कि आप उन्हें अपने जीवन का फैसला लेने की स्वतंत्रता देंगे।
हर एक फैसले में साथ देने का वादा करें
फैसला लेने का अधिकार देने के साथ ही हर पुरुष को महिला से वादा करना चाहिए कि उनके फैसलों में साथ देंगे। बेटी या बहन अपनी शिक्षा या करियर के लिए जो भी फैसला लेगी, आप उनका साथ देंगे और मार्गदर्शन करेंगे, ताकि वह अकेला महसूस न करें और निडरता के साथ अपने लिए गए फैसलों के रास्ते पर चल सकें
आत्मनिर्भर बनाने का करें वादा
पुरुष महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएं। उन्हें पिता, भाई, पति या बेटे पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, इस की सीख दें। लड़की को शिक्षित करें, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके। साथ ही आत्मरक्षा के गुण भी सिखाएं ताकि वह जब भी घर से बाहर निकले तो खुद की सुरक्षा कर सके।
सम्मान करने का करें वादा
बता दें महिला गृहणी हो या नौकरीपेशा, लेकिन उसका परिवार में मान सम्मान पुरुष की तुलना में कम रहता है। इस रूढ़िवादी सोच को खत्म करते हुए महिला को भी परिवार में पुरुषों के समान सम्मान देने का वादा करें। उनके सम्मान को कभी ठेस न पहुंचाने का वादा करें।
ये भी पढे़ं- कैसे करें भोजन की शक्ति का इस्तेमाल? हृदय की सेहत सुधारने के लिए बेस्ट हैं ये तीन तरीके
