सांप्रदायिक तत्वों और अपराधियों की ‘सुरक्षित पनाहगाह’ बनता जा रहा है कर्नाटक: राजीव चंद्रशेखर

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने बेलगावी जिले में एक जैन मुनि की हत्या को लेकर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को दावा किया कि यह दक्षिणी राज्य सांप्रदायिक तत्वों और अपराधियों के लिए ‘सुरक्षित पनाहगाह’ बनता जा रहा है। कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य चंद्रशेखर ने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगातार विरोध के बाद ही राज्य पुलिस इस मामले में हरकत में आई।

ये भी पढ़ें - कांग्रेस और भाजपा में तकरार, CM शिवराज की 2,715 घोषणाओं पर विपक्ष का वार, कहा- 'MP की आटोमेटिक घोषणा मशीन'

केंद्रीय मंत्री के कार्यालय की ओर जारी से जारी एक वीडियो के मुताबिक चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘यह चौंकाने वाला है कि राहुल गांधी की कांग्रेस सरकार के तहत कर्नाटक कुछ ही महीनों में सांप्रदायिक तत्वों और अपराधियों के लिए एक सुरक्षित पनाहगाह बन गया है। जैन मुनि की नृशंस हत्या स्तब्ध करने वाली है।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सवाल पूछा जाना चाहिए कि कर्नाटक में क्या हो रहा है जहां भाजपा की पिछली सरकार के तहत कानून और व्यवस्था बहाल की गई थी। अपराध की कई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए चंद्रशेखर ने कहा ‘‘यह निहित स्वार्थी तत्वों को खुला छोड़ देने जैसा है क्योंकि उन्हें लगता होगा कि कर्नाटक उनके लिए एक सुरक्षित पनाहगाह है जब तक कि वे एक विशेष धर्म या आस्था से जुड़े हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि यह देखना दुखद है कि राज्य ‘इस तरह के क्रूर और हिंसक अपराधों का केंद्र’ बनता जा रहा है। बेलगावी के चिक्कोडी तालुक के हिरेकोडी गांव में नंद पर्वत आश्रम के जैन मुनि कामकुमार नंदी महाराज की पिछले हफ्ते कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।

उनके शव को रायबाग तालुक के खटकभावी गांव में एक बोरवेल में फेंक दिया गया था। इस मामले में नारायण बसप्पा मादी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को संदेह है कि हत्या की वजह पैसे का लेनदेन हो सकती है। विपक्षी भाजपा विधायकों ने जैन मुनि की नृशंस हत्या के खिलाफ बुधवार को बेंगलुरु में विधान सौध में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना दिया।

ये भी पढ़ें - कर्नाटक: CM सिद्धरमैया ने विधानसभा में कहा-  अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी भी नहीं की ‘समझौते की राजनीति’ 

संबंधित समाचार