Bareilly: चार घंटे की पुलिस रिमांड पर बवाली नदीम, फर्जी लेटर से किया था पुलिस को गुमराह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में 26 सिंतबर को हुए बवाल के मास्टरमाइंड मौलाना तौकीर रजा खां की पार्टी आईएमसी में बड़ी हैसियत रखने वाले नदीम खान की पुलिस को 4 घंटे की रिमांड शनिवार को मिली। बवाल के आरोप में मौलाना का करीबी नदीम जेल में बंद है। बवाल से पहले कूट रचित लेटर जारी करने के मामले में पुलिस ने ये रिमांड हासिल की है। लिहाजा लेटर की बरामदगी के लिए पुलिस नदीम को उसके घर पर भी लेकर पहुंची थी।

दरअसल बरेली में बवाल के बाद लियाकत खान ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें बताया कि 26 सितंबर को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने लोगों को धरना देने के लिए बुलाया गया था। इसके एक दिन पहले 25 सितंबर की देर शाम को नदीम खान साजिश करके फर्जी पत्र तैयार कर उसमें उसके नाम से फर्जी हस्ताक्षर कर दिए।

लियाकत खान का आरोप था कि नदीम ने खुद भी साइन करके उसे आईएमसी का पदाधिकारी बताकर पत्र को वायरल कर दिया। उस पत्र से पुलिस प्रशासन को गुमराह करके शहर का अमन-चैन खराब करने का काम किया गया। लियाकत ने बताया कि उस दिन वह मौलाना तौकीर रजा के बुलावे पर नहीं गया था। लियाकत की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज किया था।

शनिवार को इसी मामले में पुलिस रिमांड हासिल करने के बाद नदीम को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। इसके बाद नदीम को करौलान स्थित उसके आवास पर भी ले जाया गया। एसपी मानुष पारिक ने बताया कि न्यायलय से चार घंटे की रिमांड मिली है, कूट रचित लेटर का ये मामला में मौलाना तौकीर रजा खां के संज्ञान में भी था। फिलहाल नदीम से पूछताछ की जा रही है।

संबंधित समाचार