प्रतापगढ़ : रक्षाबंधन पर खटारा बसों में सफर करेंगी बहनें

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर परिवहन विभाग बहनों को निःशुल्क यात्रा कराता है। विभाग ने इसको लेकर गाइडलाइन भी जारी कर दी है, लेकिन प्रतापगढ़ डिपो पर बसों की व्यवस्था अभी तक नहीं हो पाई है। लगभग दो दर्जन बसें खटारा हैं, जो आए दिन रास्ते में दगा देती रहती हैं। परिवहन विभाग की ओर से दर्जन भर नई बसों की डिमांड की गई थी। उम्मीद थी कि बसें जल्द आएंगी। मगर अभी तक बसें डिपो पर नहीं आई हैं। ऐसे में खटारा बसों के चलते रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों को परेशानी झेलनी पड़ेगी।

प्रतापगढ़ डिपो में कुल 75 बसें हैं। दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, गोंडा, बस्ती सहित लंबी दूरी की बसों के साथ लोकल रूट पर भी रोडवेज बसों का संचालन होता है। इसमें 20 से अधिक अनुबंधित बसें भी हैं। जिसमें लगभग दो दर्जन बसें खटारा हो चली हैं। जो अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती हैं। इससे यात्रियों को दिक्कत झेलनी पड़ती है। बीच रास्ते में उन्हें दूसरी बसों का सहारा लेना पड़ता है। फिलहाल यह स्थिति सभी रूटों पर है। डिपो से खटारा बसों को हटाने की कवायद करीब एक साल से चल रही है। एक दर्जन नई बसों की डिमांड विभागीय अधिकारियों द्वारा भेजी गई है। मगर अभी तक बसों की उपलब्धता नहीं हो पाई है। 

इधर रक्षाबंधन का पर्व भी नजदीक है। ऐसे में खटारा बसें बहनों की यात्रा में समस्या पैदा करेंगी। एआरएम पीके कटियार ने बताया कि दिल्ली रूट पर एक बस मिली है। उसका संचालन हो रहा है। नई बसों की डिमांड भेजी गई है। जल्द ही आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें -उपभोक्ता फोरम में भी आयोजित होगी लोक अदालत : सुरेंद्र कुमार सिंह

संबंधित समाचार