UP Admission News: लखनऊ विश्वविद्यालय में यूजी और पीजी में बढ़ गई सीटें, भाषा विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ विश्वविद्यालय में औद्योगिक जगत में बढ़ती डिमांड वाले चार नए कोर्स भी किए प्रारंभ 

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने के ख्वाहिशमंद स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है। स्नातक और परास्नातक कोर्सेज में हर साल एडमिशन के लिए छात्रों के बढ़ते दबाव को देखते हुए एलयू प्रशासन ने शैक्षिक सत्र 2026-27 से विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीटें बढ़ा दी हैं। इसके साथ ही कुछ नए कोर्सेज भी शुरू किए हैं।

स्नातक स्तर पर बीए (सेल्फ फाइनेंस) में सभी विषयों को मिलाकर करीब 1430 सीटें बढ़ाई गई हैं, जिनमें ईडब्ल्यूएस श्रेणी शामिल है। बीएससी गणित में 287 और बीएससी प्राणी विज्ञान में 155 सीटों की वृद्धि की गई है।

कंप्यूटर विज्ञान विभाग में बीसीए के चार नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, जिनमें बीसीए (एआई एवं मशीन लर्निंग), बीसीए (डाटा साइंस), बीसीए (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) और बीएससी (साइबर सिक्योरिटी) कोर्स शामिल हैं। हर कोर्स में 75 सीटें निर्धारित की हैं।

एमएससी एआई, साइबर सिक्योरिटी और डाटा साइंस में 50-50 सीटें तय की गई हैं, जबकि एमएससी कंप्यूटर साइंस की सीटें बढ़ाकर 25 कर दी गई हैं। विधि संकाय में एलएलबी (5 वर्षीय) पाठ्यक्रम की सीटें 176 से बढ़ाकर 330 कर दी गई हैं और बीबीए एलएलबी (5 वर्षीय) नया पाठ्यक्रम शुरू किया गया है।

एनआरआई और एनआरआई प्रायोजित छात्रों के लिए 30 सीटें तय की गई हैं, जिनकी ट्यूशन फीस 7000 डॉलर प्रतिवर्ष होगी। वाणिज्य संकाय में बीकॉम, बीकॉम (ऑनर्स) और एमकॉम में सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि होटल मैनेजमेंट में 75 सीटें निर्धारित की गई हैं।

एमए समाजशास्त्र में नया सेक्शन और पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू किए गए हैं। इसके अलावा एमफार्मा (16 सीटें) और मास्टर इन न्यूट्रिशनल साइंस (75 सीटें) की पढ़ाई भी शुरू होगी। विश्वविद्यालय में माइनर डिग्री प्रोग्राम भी लागू किया गया है।


भाषा विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू 

लखनऊ स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती भाषा विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 98 कोर्सेज में प्रवेश शुरू हो गए हैं। इस वर्ष भी बहुविषयक एवं रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया आरंभ की गई है। 

विश्वविद्यालय के कला एवं मानविकी, सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, वाणिज्य, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, विधि एवं फार्मेसी संकायों के अंतर्गत कुल 98 कार्यक्रमों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध हैं। इन कार्यक्रमों में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम शामिल हैं। 

प्रमुख विषयों में अरबी, फारसी, हिंदी, अंग्रेजी, पत्रकारिता एवं जनसंचार, शिक्षा, कंप्यूटर साइंस, बायोटेक्नोलॉजी आदि सम्मिलित हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.kmclu.ac.in (http://www.kmclu.ac.in) या प्रवेश पोर्टल kmcluadm.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 91 7007076127 या ईमेल [email protected] पर संपर्क कर सकते हैं। 

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से आह्वान किया है कि वे इन 98 विविध कार्यक्रमों में प्रवेश लेकर विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।

संबंधित समाचार