Bareilly में नहीं होगी गुल...बत्ती मिलेगी फुल, आपूर्ति बाधित की अफवाहों का अफसरों ने किया खंडन

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी पावर कारपोरेशन के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल किए गए फर्जी लेटर ने शुक्रवार को राज्य के कई जिलों में बिजली अफसरों की नींद उड़ा दी। पहाड़ों पर बारिश-तूफान और यूपी में कई स्थानों पर मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच अफवाह फैलाई गई कि शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार दोपहर 2 बजे तक बिजली गुल रहेगी। 

अफवाहों की रेल शहर से देहात तक इतनी तेज दौड़ी कि पब्लिक में बेचैनी के चलते पूरा पावर सिस्टम उलझन में पड़ गया। उपभोक्ताओं को सच बताने के लिए आखिर में बरेली के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश को मोर्चा संभालना पड़ गया। चीफ इंजीनियर ने 16 घंटे पावर कट की अफवाहों का खंडन करते हुए कहा है कि बिजली गुल होने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं। रोज की तरह जिले में सुचारू बिजली आपूर्ति जारी रहेगी। दरअसल, मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के आरएमएस बिलिंग प्रणाली के मेंटेनेंस के कारण बिल भुगतान, स्मार्ट मीटर रिचार्ज और लोड वृद्धि (केवल ऑनलाइन सेवाएं) तीन अप्रैल शाम पांच बजे से चार अप्रैल की सुबह 9 बजे तक बाधित रहेंगी। इसका बिजली की सप्लाई से कोई संबंध नहीं है।

मुख्य अभियंता ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक संदेशों पर बिल्कुल ध्यान न दें। मेंटेनेंस का काम सिर्फ डिजिटल पोर्टल को बेहतर बनाने के लिए है, न कि बिजली काटने के लिए। सप्लाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह 9 बजे के बाद सभी ऑनलाइन सेवाएं फिर से बहाल हो जाएंगी।

बरेली में बिजली चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जिले में मौसम का मिजाज बदल रहा है। शुक्रवार सुबह शहर में घने बादल छाए रहे। सूरज की लुका-छिपी ने तपिश से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन में बरेली समेत प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, ओलवृष्टि, बिजली गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट बाद 31.5 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बरेली सहित अन्य जिलों में दिख रहा है।

 इसके चलते 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर विंड स्पीड 70 किमी तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 अप्रैल को विक्षोप का अधिकतम प्रभाव रहने की चेतावनी जारी की है। 5 अप्रैल से मौसम में सुधार के आसार हैं। 6 अप्रैल को मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि 7 से 9 अप्रैल के बीच फिर से आंधी-बारिश का दौर झेलना पड़ सकता है।

संबंधित समाचार