Kanpur Metro : "बेस्ट कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट" श्रेणी में कानपुर मेट्रो को मिला विश्वकर्मा पुरस्कार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) द्वारा संचालित कानपुर मेट्रो परियोजना को "बेस्ट कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट" श्रेणी में प्रतिष्ठित सीआईडीसी विश्वकर्मा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार यूपीएमआरसी के निदेशक (वर्क्स एवं इंफ्रास्ट्रक्चर) सी.पी. सिंह और कानपुर मेट्रो के परियोजना निदेशक अरविंद मीणा ने प्रबंध निदेशक सुशील कुमार की ओर से ग्रहण किया। 

समारोह के दौरान सी.पी. सिंह को देश में मेट्रो नेटवर्क के विकास में योगदान के लिए 'अध्यक्ष प्रशंसा पुरस्कार' से भी सम्मानित किया गया। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि टीम की निष्ठा, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण कार्य का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कॉरिडोर-1 (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) और कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) पर कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही पूर्ण मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। 

परियोजना में डबल टी-गर्डर, ट्विन पियर कैप, बड़े पैमाने पर प्रीकास्टिंग और आधुनिक निर्माण तकनीकों का उपयोग कर समय और लागत में उल्लेखनीय कमी लाई गई है। साथ ही मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी, फूड एवं रिटेल आउटलेट और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाया जा रहा है। 

कानपुर मेट्रो के सभी स्टेशनों को आईजीबीसी की प्लैटिनम ग्रीन रेटिंग प्राप्त है और ऊर्जा दक्षता के लिए एलईडी लाइटिंग, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग तथा उन्नत एचवीएसी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि कॉरिडोर-1 के अंतर्गत आईआईटी कानपुर से मोतीझील तक का प्रायोरिटी सेक्शन रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया था, जिससे यह परियोजना देश में तेज और गुणवत्तापूर्ण शहरी परिवहन के उदाहरण के रूप में उभर रही है। 

संबंधित समाचार