काशीपुर: पिछले 14 सालों में औसत से कम हुई फरवरी में बारिश, आने वाले महीनों में सताएगी गर्मी

काशीपुर: पिछले 14 सालों में औसत से कम हुई फरवरी में बारिश, आने वाले महीनों में सताएगी गर्मी

अर्शी खान, काशीपुर, अमृत विचार। उत्तर भारत में दिसंबर और जनवरी में सामान्य से अधिक शुष्क मौसम के बाद फरवरी में सामान्य और सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान था। लेकिन फरवरी माह बीतने को है और अभी तक सामान्य से भी कम वर्ष फरवरी माह में हुई है। जिसको लेकर मौसम वैज्ञानिकों ने चिंता जाहिर की है और आने वाले महीनों में भीषण गर्मी की संभावना भी जताई है।

दरअसल फरवरी माह में सामान्यतया 45 मिमी तक बारिश होती है। जिससे मौसम में नमी रहती है और आगामी माह में सुबह व शाम में हलकी ठंड रहती है। लेकिन इस बार फरवरी माह में सामान्य से 30.8 मिमी बारिश कम होने से आने वाले महीनों में गर्मी का सितम लोगों को झेलना पड़ सकता है।

इस बार फरवरी माह में अभी तक 14.2 मिमी बारिश हुई है। हालांकि पिछले साल की तुलना में यह बारिश 5.8 मिमी अधिक हुई है। पिछले 14 सालों के मौसम पर अगर नजर डाले तो वर्ष 2013, 2014 व 2022 को छोड़कर बाकी वर्षो में फरवरी माह में औसतन बारिश से कम वर्षा हुई है। वहीं इन 14 सालों में औसतन बारिश 21.48 मिमी है और वर्ष 2013, 2014 और 2022 को छोड़ दें तो बाकी सालों में औसतन बारिश 14.91 मिमी ही हुई है। पिछले 14 सालों में फरवरी माह में वर्ष 2013 में सबसे अधिक 132.1 मिमी बारिश हुई थी और सबसे कम वर्ष 2017 में हुई थी।

दो दिन में अधिकतम तापमान में आई दो डिग्री की गिरावट
काशीपुर। काशीपुर सहित क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन बादल छाए रहे। वही सुबह व शाम को हल्की बारिश भी हुई। तो वही धूप छांव के बीच दिन भर बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई। जिसके चलते लोगों ने एक बार फिर सर्द कपड़े निकाल लिए।

रविवार दोपहर से अचानक मौसम में आए बदलाव के कारण लोगों को सर्दी का एक बार फिर एहसास होने लगा। मौसम विभाग ने भी आगामी 2 दिन तक क्षेत्र में बादल छाए रहने और हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट होने की चेतावनी दी थी। इन दो दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

रविवार से मौसम में बदलाव आया है और अगले दो दिन और मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। पिछले दो दिन में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं तराई क्षेत्र में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान 23.5 व न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर

वर्ष                    वर्षा (मिमी में)

2011                32.8
2012                0.6
2013                132.1
2014                120.4
2015                8.4
2016               2.5
2017                0
2018                4
2019                33.4
2020                23.2
2021                4.6
2022                50.4
2023                8.4
2024                14.2