बदायूं: रौब झाड़कर करता था उगाही, पुलिस ने पकड़ा फर्जी सिपाही...सलाखों के पीछे आरोपी

मोबाइल में दारोगा और सिपाहियों के साथ मिले फोटो, जिन्हें दिखाकर झाड़ता था रौब

बदायूं: रौब झाड़कर करता था उगाही, पुलिस ने पकड़ा फर्जी सिपाही...सलाखों के पीछे आरोपी

बदायूं, अमृत विचार। पिछले दिनों से एक युवक वर्दी पहनकर खुद को सिपाही बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। उगाही करने की फिराक में था। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जांच करने के बाद पता चला कि वह फर्जी सिपाही है। जो महीनों से लोगों पर रौब झाड़ता आ रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जेल भेज दिया। 

कोतवाली सिविल लाइन पुलिस को शनिवार सुबह लगभग नौ बजे सूचना मिली कि एक वर्दी पहना पुलिसकर्मी मुरादाबाद-फर्रुखाबाद राजमार्ग स्थित पटेल चौक स्थित प्रिंस ढाबे के पास है। जो खुद को पुलिस वाला बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा है। किसी से वसूली या धोखाधड़ी करने की फिराक में है। सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वह युवक सर्दी पहने मौजूद मिला। पुलिस को देकर वह हड़बड़ा गया। 

bcd097c4-035e-4e88-aee4-529033acab53

प्रभारी निरीक्षक ने उससे परिचय पत्र मांगा जो उसने दिखाया लेकिन जांच के बाद वह फर्जी मिला। पुलिस उसे कोतवाली ले आई। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम जिला बागपत के थाना सिंघावली अहीर क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी हरीश गिरी पुत्र राजेश गिरी बताया। उसने खुद के फर्जी सिपाही होने की बात भी कबूल की। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी चेक किया। जिसमें सुरक्षित फोटो देखकर पुलिस भी हैरत में पड़ गई। उसके दारोगा और कई सिपाहियों के अलावा सरकारी गाड़ी आदि के साथ फोटो थे। 

पुलिस को जानकारी हो गई कि वह शहर के पुलिसकर्मियों के साथ उठ बैठ करके लोगों से वसूली कर रहा है। पुलिस ने उसकी कार भी बरामद की। आरोपी के खिलाफ वेश बदलने, धोखाधड़ी, कूटरचना, लोकसेवक की पोशाक का प्रयोग करने आदि मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को जेल भेजा गया है। 

धोखाधड़ी करके शिक्षिका से की शादी
पुलिस के अनुसार आरोपी युवक ने खुद को सिविल डिफेंस में बताकर एक महिला शिक्षक से धोखाधड़ी करके शादी की। पुराने पति से उसके दो बच्चे और आरोपी युवक से एक बच्ची है। वह पत्नी के साथ शहर के मोहल्ला कल्याण नगर में रहता है। सूचना मिलने पर आरोपी के परिजन पहुंच गए और रोने लगे। आरोपी की पत्नी ने अपने साथ धोखाधड़ी की बात गलत बताई। उन्होंने हरीश गिरी को सिविल डिफेंस में होने की बात कही।

कुछ दिनों से एक युवक द्वारा खुद को सिपाही बताते हुए रौब झाड़ने और वसूली करने की शिकायत मिल रही थी। शनिवार को पुलिस को उसके बारे में जानकारी मिली। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। आगे की जांच की जा रही है- आलोक मिश्रा, सीओ सिटी।

ये भी पढ़ें- Budaun: गोकशी करने वाले गिरोह के 10 सदस्यों पर लगी गैंगस्टर