लोकसभा चुनाव 2024: संतोष बनाम छत्रपाल...CM के सामने उठ सकता है मामला

लोकसभा चुनाव 2024: संतोष बनाम छत्रपाल...CM के सामने उठ सकता है मामला

बरेली, अमृत विचार। आठ बार के सांसद संतोष गंगवार का टिकट काटकर बहेड़ी के पूर्व विधायक छत्रपाल सिंह गंगवार को दे दिए जाने के बाद भाजपा के अंदर कई दिन से चल रही हलचल अभी पूरी तरह शांत नहीं हुई है। माना जा रहा है कि मंगलवार को प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी यह मामला उठ सकता है। हालांकि पार्टी पदाधिकारियों ने फिलहाल पूरी तरह चुप्पी साध रखी है।

छत्रपाल सिंह को बरेली से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद से ही प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई थीं। संतोष गंगवार का टिकट कटने से नाराज लोगों ने पहले ही दिन से सोशल मीडिया पर खुलकर गुस्सा जताना शुरू कर दिया था लेकिन इस मामले ने रविवार को तब तूल पकड़ा, जब भाजपा की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीप्ति भारद्वाज ने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष को ट्वीट कर दावा किया कि प्रत्याशी घोषित किए गए छत्रपाल सिंह गंगवार का संगठन साथ नहीं दे रहा है। वह अकेले ही चुनाव प्रचार के लिए निकल रहे हैं और इससे काफी व्यथित हैं।

डॉ. दीप्ति के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर नए सिरे से प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। भाजपा के पदाधिकारी लगातार सफाई देते रहे कि पार्टी में सबकुछ ठीकठाक है। इसके बावजूद मंगलवार को भी यही सिलसिला चलता रहा।

इस बीच संभावनाएं जताईं जाने लगीं कि मंगलवार को बरेली इंटर कॉलेज के मैदान पर प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी यह मामला उठ सकता है। हालांकि मुख्यमंत्री का सम्मेलन के लिए एक ही घंटे बरेली में रुकने का कार्यक्रम है।

छत्रपाल बोले- संतोष के आशीर्वाद के बिना कुछ नहीं हो सकता
भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार ने भी सोमवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी में चल रही हलचल पर स्थिति साफ की। उन्होंने अपने विरोध की बात को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। पार्टी विरोधी लोग ही अफवाह फैला रहे हैं। पूरी पार्टी साथ में है।

संतोष गंगवार के आशीर्वाद के बगैर तो कुछ हो ही नहीं सकता। इस बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस में संतोष गंगवार के न दिखने पर सवाल हुआ तो बोले, अभी तो यहीं थे। बैठक में भी शामिल हुए थे। उन्होंने सभी से उनके लिए अपील भी की है।

टिकट कटने के बाद शुरू हुए कथित विवाद पर बोले कि ऐसा कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष का आदेश, निर्देश और संदेश है। बोले, भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। लोकसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता लगे हुए हैं। घर-घर जा रहे हैं। लोगों में उत्साह दिख रहा है। सपा प्रत्याशी कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। उनसे असंतुष्ट होकर लोग भाजपा में आ रहे हैं।

इससे पहले वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, मेयर उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने भाजपा प्रत्याशी के साथ होने की बात कही। कहा, मनमुटाव और विरोध जैसी कोई बात नहीं है। पूरी पार्टी, संगठन का एक-एक पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रत्याशी के साथ में है।

वन मंत्री ने इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी दलों को भी कई मुद्दों पर घेरा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, अनिल कुमार एडवोकेट, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर आदि पदाधिकारी भी मौजूद थे।

ये भी पढे़ं- बरेली: प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के दौरान परीक्षाएं रहेंगी जारी, परीक्षा फार्म भी जमा किए जाएंगे