हल्द्वानी: कुमाऊं में दो साल में सड़क हादसों में गई 668 लोगों की जान

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में हो रहे सबसे ज्यादा हादसे

सर्वेश तिवारी, हल्द्वानी,अमृत विचार। पहाड़ की सर्पीली सड़कें उतना नहीं डरा रहीं, जितना मैदान की सीधी सड़कें। सड़कों के बढ़ते जाल के साथ हादसों और मौतों का ग्राफ भी गुजरते सालों के साथ बढ़ रहा है। बानगी के तौर पर समझें कि वर्ष 2022 में सड़क हादसों में 334 लोगों की मौत हुई, लेकिन वर्ष 2023 के सिर्फ 9 महीनों में ही उससे ज्यादा लोग सड़क हादसों का शिकार हो गए। हर साल चालानी कार्रवाई से करोड़ों, अरबों का राजस्व जुटाने वाली पुलिस के दावे भी तेज रफ्तार वाहनों के नीचे कुचले जा रहे हैं। हादसों और मौतों के मामले में नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिला पहाड़ी जिलों से कहीं आगे है। पेश है पुलिस के दस्तावेजों के आधार पर एक रिपोर्ट  

नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में 33 महीनों में हुई 790 मौतें
वर्ष 2021 से वर्ष 2023 के सितंबर तक रफ्तार की वजह से 790 लोगों ने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले में जान गवां दी। इन दोनों जिलों में वर्ष 2021 में 394 सड़क दुर्घटनाओं में 226 मौतें और 264 लोग घायल हुए। वर्ष 2022 में 490 हादसों में 267 लोगों की जान गई और 386 लोग घायल हुए। इसी तरह वर्ष 2023 सितंबर तक 463 सड़क हादसे हुए और 297 लोगों ने अपनी जान गवां दी। इन 33 महीनों में ओवर स्पीड के कुल 1291 मामले दर्ज किए गए।   

पहाड़ी जिलों में भी तेजी से बढ़ रहा मौतों का ग्राफ
मैदानी जिलों की अपेक्षा पहाड़ी जिलों में हादसों, मौतों और घायलों की संख्या कम है, लेकिन फिर वृद्धि तेजी से हो रही है। पिछले 33 महीनों में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिले में 159 लोगों की जान जा चुकी है। इन चारों जिलों में वर्ष 2021 में कुल 34 दुर्घटनाएं, 17 मौतें और 52 लोग घायल हुए। वर्ष 2022 में 38 सड़क दुर्घटनाएं, 40 मौतें और 70 लोग घायल हुए। जबकि वर्ष 2023 के सितंबर माह तक 40 हादसे, 37 मौतें और 37 लोग घायल हुए। इन चार जिलों में 33 महीनों में ओवरस्पीड के 104 मामले दर्ज किए गए।  

कुमाऊं में पिछले तीन साल में हुए हादसों पर एक नजर
 वर्ष       कुल दुर्घटनाएं     मृतक    घायल      ओवरस्पीड
2021         428              243     316           406
2022         531              307     456           514
2023         503             334      454          469

 

पहाड़ी की सड़कों पर हाल में हुए हादसे
- 7 अक्टूबर 23 को नैनीताल से घूमकर लौट रहे एचसीएल नोएडा कंपनी के कर्मचारियों का टैंपो ट्रैवलर कालाढूंगी नगर से सात किलोमीटर दूर प्रिया बैंड पर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में दो महिला कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गयी। टैंपो में चालक सहित 22 लोगों का ग्रुप था। 
- चार दिसंबर 2023 को नैनीताल के बेतालघाट में मैक्स वाहन खाई में गिरा। जिसमें 8 लोगों की मौत हुई और 3 लोग घायल हुए। मैक्स में 11 लोग सवार थे। 
- ऐसा ही एक केस उत्तराखंड के टिहरी में कुछ समय पहले सामने आया था। गजा तहसील के दुवाकोटी के पास एक टाटा सूमो खाई में गिर गया। जिसमें 2 की मौत और 8 घायल हुए। सूमो में में चालक समेत 11 लोग सवार थे
- नौ अप्रैल 2024 को मुंडेश्वर-साकिनखेत सतपुली मार्ग पर डांगी गांव के पास मैक्स 200 मीटर खाई में जा गिरी। एक महिला की मौत और 15 दिन की नवजात बच्ची व ढाई साल का बेटा समेत छह लोग घायल हो गए। 

 

संबंधित समाचार