प्रतापगढ़ : हाईवे जामकर पुलिस से की अभद्रता,लाठीचार्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जमीनी विवाद में मारपीट के बाद व्यापारियों ने जाम कर दिया वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग

रानीगंज प्रतापगढ़ अमृत विचार : जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष से व्यापारियों ने लखनऊ - वाराणसी राजमार्ग जाम कर दिया। जाम हटवाने के लिए एसओ रानीगंज दलबल के साथ पहुंचे। एसडीएम व सीओ भी पहुंच गए। हाईवे जाम किये लोग एसओ समेत पुलिस से अभद्रता करने लगे। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

 रानीगंज कस्बे के पूरे गोलिया के  मोतीलाल गुप्ता, किशोरी लाल, मिठाई लाल, प्रेमी गुप्ता सहित एक दर्जन लोगों का हाईवे किनारे  मकान बना हुआ है। मकान के पीछे शैलेश पांडेय, प्रभाकर पांडेय सहित लोगों की आबादी की जमीन है। दोनों पक्षों में वर्ष 2004 में निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद से विवाद बना हुआ है। एक सप्ताह पूर्व शैलेश पक्ष के लोग आबादी की जमीन पर राजस्व कर्मियों द्वारा नाप करने के बाद एसडीएम के आदेश पर निर्माण कर रहे थे। गुप्ता पक्ष के लोगों ने थानाध्यक्ष से एक सप्ताह का समय मांगते हुए निर्माण कार्य बंद करवाने के लिए कहा।

एसओ रानीगंज आदित्य सिंह ने निर्माण कार्य बंद करवा दिया था। दो  दिन पूर्व एसडीएम शैलेंद्र कुमार वर्मा,राजस्व कर्मियों,पुलिस ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। बातचीत कर समझौते की बात कही। इस बात पर गुप्ता पक्ष के लोगों ने बात नहीं मानी उसके बाद एसडीएम ने कर्मियों की रिपोर्ट पर निर्माण के लिए आदेशित कर दिया। मंगलवार को सुबह से ही निर्माण चल रहा था,दोपहर तीन बजे गुप्ता पक्ष के एक लड़के ने लाठी लेकर शैलेश पांडेय के पक्ष के लोगों को मार दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में ईंट पत्थर चलने लगे।

इस बात से नाराज व्यापारियों ने  राजमार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम नहीं हटा। जाम खुलवाने के लिए एसओ आदित्य सिंह मयफोर्स पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों से जाम हटाने की बात कही। इसके बाद व्यापारी एसओ से अभद्रता कर नारेबाजी करने लगे।एसडीएम शैलेंद्र कुमार वर्मा, सीओ विनय प्रभाकर साहनी भी मौके पहुंचे। काफी समझाने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज करके जाम को हटवा दिया। प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के मुताबिक,  हाईवे दो घण्टे जाम कर प्रदर्शन करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस से अभद्रता करने, हाईवे जाम करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ेः पुरुषों को 30 के बाद भी रहना है जवां और तंदुरुस्त, तो इन पांच पोषक तत्वों को डाइट में शामिल करना न भूले

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार