Chhattisgarh Nikay Chunav Result 2025: निकाय चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत, रायगढ़ में चायवाले ने मारी बाजी
अमृत विचार। छत्तीसगढ़ में नगर निगम, नगर निकाय, और पंचायत चुनाव के परिणाम आज घोषित हो गए हैं। जहां एक तरफ बीजेपी ने एक बार फिर से अपनी जीत का डंका बजाया है, तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस में सन्नाटा पसरा है। बता दें, कांग्रेस का यह दिल्ली विधानसभा चुनावों के बाद दूसरा खराब प्रदर्शन है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एक भी सीट हासिल नहीं की थी। वहीं दूसरी तरफ बीजेपी प्रदेश में हर स्तर के चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करती नजर आ रही है।
चुनाव में चायवाले ने मारी बाजी
छत्तीसगढ़ में नगर निकाय के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने धुआंधार प्रदर्शन कर रायगढ़ सीट पर अपना परचम लहराया। यहां बीजेपी उम्मीदवार जीववर्धन सिंह ने 56 हजार 3 सौ 11 वोटों से जीत दर्ज की है। जीववर्धन सिंह एक चाय की दुकान चलाते हैं। चुनाव के दौरान सीएम ने उनकी दुकान में आकर चाय भी बनाई थी। बता दें, उन्होंने कांग्रेस की जानकी काटजू को चुनाव में हराया है। जानकी काटजू को इस चुनाव में 21 हजार 9 सौ 46 वोट ही मिले हैं, जबकि नोटा को यहां पर 954 वोट मिले।
जीववर्धन सिंह चौहान को बीजेपी ने यहां से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वह अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री भी हैं। इसके साथ वे साल 2004 से 2005 तक नगर मंत्री रह चुके हैं और इस समय वह बीजेपी के एक्टिव सदस्य हैं। कांग्रेस की जानकी काटजू पहले भी यहां से पार्षद रही हैं और इस बार वे उम्मीदवार के रूप में यहां से चुनाव में खड़ी हुई थीं। वह 2020 में रायगढ़ नगर निगम की पहली मेयर बनी थीं।
रायगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान कराया गया था। नगरीय निकायों के लिए 69.68 प्रतिशत लोगों ने वोटिंग की थी। नगर निगम में मतदान का प्रतिशत 65.53 फीसदी रहा। खरसिया नगर पालिका में 83.13 फीसदी वोटिंग हुई थी। नगर पंचायत में पुसौर में 84.93 फीसदी, किरोड़ीमल नगर में 68.51 फीसदी, घरघोड़ा में 83.70 फीसदी, धरमजयगढ़ में 80.85 फीसदी, लैलूंगा में 84.29 फीसदी मतदान हुआ था।
यह भी पढ़े :जाम के झाम से जूझ रहा प्रयागराज, जानें माघ पूर्णिमा से पहले कैसे होगा क्राउड मैनेजमेंट?
