अमरोहा : क्रिकेटर शमी की बहन और बहनोई भी मनरेगा मजदूर

ग्राम प्रधान ने पुत्र-पुत्रवधू सहित रिश्तेदारों के बनवाए मनरेगा जॉब कार्ड

अमरोहा : क्रिकेटर शमी की बहन और बहनोई भी मनरेगा मजदूर

अमरोहा, अमृत विचार। गांव पलोला में महिला ग्राम प्रधान ने मनरेगा मजदूरी कार्ड में बड़ा घोटाला किया। ग्राम प्रधान ने अपने चार पुत्रों और एक पुत्रवधू सहित तमाम रिश्तेदारों के नाम जॉब कार्ड में चढ़वाकर मोटी रकम निकाली है। ग्राम प्रधान की पुत्रवधू शबीना देश के मशहूर तेज गेंदबाज किक्रेटर मोहम्मद शमी की छोटी बहन हैं। डीएम ने शिकायत मिलने के बाद डीसी मनरेगा को पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए हैं।

जोया ब्लॉक के गांव पलौला में गुले आयशा ग्राम प्रधान हैं। यहां मनरेगा में 657 जॉब कार्ड बने हुए हैं। इनमें से करीब 150 एक्टिव कार्ड हैं। इस लिस्ट में 473वें नंबर पर शबीना पत्नी गजनबी का नाम है। गुले आयशा के पुत्र गजनबी और पुत्रवधू शबीना का मनरेगा योजना में 4 जनवरी, 2021 को रजिस्ट्रेशन हुआ था। शबीना अमरोहा के निवासी भारतीय टीम के तेज गेंदबाज क्रिकेटर मोहम्मद शमी की बहन हैं। मोहम्मद शमी की बहन शबीना ने 21 मार्च, 2022 से 23 जुलाई, 2024 तक मनरेगा में 374 दिन मजदूरी की है। उनके खाते में मनरेगा के करीब 70 हजार रुपये गए हैं। शबीना के पति गजनबी भी मनरेगा मजदूर हैं।

रिकॉर्ड के मुताबिक इन्होंने साल 2021 से 2024 तक करीब 300 दिन मजदूरी की। इस काम के बदले उनके खाते में करीब 66 हजार रुपये आए। जॉब कार्ड लिस्ट में 576 नंबर पर नेहा का नाम है। ये ग्राम प्रधान गुले आयशा की बेटी हैं। साल 2019 में निकाह होने के बाद गांव से करीब 7 किलोमीटर दूर पति के साथ कस्बा जोया में रह रही हैं। इसका भी मनरेगा मजदूरी कार्ड बना है। साल 2022 से 2024 तक इसके खाते में भी काफी पैसा आया है। मनरेगा फर्जीवाड़े की शिकायत के बाद डीएम निधि गुप्ता ने जांच करके कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

मनरेगा के फंड को ग्राम प्रधान ने अपने घर के सदस्यों के खातों में डाला है, इसकी जांच डीसी मनरेगा के माध्यम से कराई जा रही है। इसमें जो भी दोषी है, कंप्यूटर ऑपरेटर हो, एपीओ या ब्लॉक लेवल से जो भी अधिकारी इसमें शामिल रहा, उनसे सारी रकम वसूल कर कार्रवाई की जाएगी। - निधि गुप्ता, जिलाधिकारी।

ये भी पढ़ें - अमरोहा : डॉक्टर बनाने का झांसा देकर पशु चिकित्सक ने महिला से किया दुष्कर्म