Eid al-Fitr 2025 : मुरादाबाद में नमाजियों को रोकने पर हंगामा, पुलिस से हुई नोकझोंक...DM अनुज सिंह-SSP सतपाल अंतिल ने लिया जायजा
मुरादाबाद । महानगर में ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की नमाज अदा कर मुल्क में अमन चैन व तरक्की की दुआ मांगी। ईदगाह मैदान में नमाजियों को रोके जाने से रोकने पर हंगामा हो गया। विरोध जताने पर नमाजियों की पुलिस से नोकझोंक हो गई। हालात संभालने के लिए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अनुज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने मौके पर पहुंच कर लोगों को समझा कर शांत कराया। इसके बाद शहर इमाम से बातकर ईदगाह में सभी लोगों को नमाज अदा कराई गई। जहां सभी लोगों ने शांतिपूर्वक नमाज अदा की।

ईदगाह वाहर सुरक्षा का जायजा लेते डीएम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक।
डीएम अनुज सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरे मामले का जायजा लिया। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाज अदा करने के मुस्लिम समाज के लोग पहुंचते हैं। सोमवार को भी ईदगाह परिसर के अंदर ही नमाज अदा की गई। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों का आरोप था कि पुलिस प्रशासन ने ईदगाह परिसर भर जाने की बात कहकर बैरिकेडिंग पर रोक लिया। जबकि ईदगाह परिसर में काफी जगह थी। इससे नाराज लोगों ने नारेबाजी कर एसपी सिटी रणविजय सिंह व पुलिस का विरोध जताया।
जिलाधिकारी अनुज सिंह, एसएसपी सतपाल अंतिल और सपा सांसद रुचि वीरा ने लोगों को समझाकर शांत कराया। शहर इमाम व नायब शहर इमाम से बातचीत कर जो रह गए थे उनकी नमाज अदा कराई जिसमें सभी ने नमाज अदा कर खुशहाल व अमन चैन की अल्लाह से दुआ की। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में ईद की नमाज सकुशल व सुरक्षा प्रबंध के बीच कराई गई। कुछ लोग ईदगाह के बाहर रह गए थे जिसके चलते नाराजगी जताई लेकिन सभी को समझाकर उन्हें भी ईदगाह में नमाज अदा करने का अवसर दिलाया गया। लोगों ने प्रशासन व पुलिस का सहयोग किया है। सभी के सहयोग से नमाज सकुशल संपन्न हुई है।
ये भी पढे़ं : Eid al-Fitr 2025 : मुरादाबाद में अल्लाह की बारगाह में झुके लाखों सिर, मांगी तरक्की और अमन चैन की दुआ
