AAP में छिड़ी रार : अनुराग ढांडा का राघव चड्ढा पर प्रहार, कहा- केजरीवाल के सिपाही की निडरता ही पहचान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के सिपाही की निडरता पहचान है। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने शुक्रवार को पार्टी के सांसद राघव चड्ढा पर प्रहार करते हुए कहा कि हम केजरीवाल के सिपाही हैं। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए?

उन्होंने कहा, "संसद में थोड़ा सा समय मिलता है बोलने का पार्टी को, उसमें या तो देश बचाने का संघर्ष कर सकते हैं या एयरपोर्ट कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने का। गुजरात में हमारे सैंकड़ों कार्यकर्ता भाजपा की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए, क्या सांसद साहब सदन में कुछ बोले? पश्चिम बंगाल में वोट का अधिकार छीना जा रहा है। सदन में प्रस्ताव आया मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ तो भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया।"

उन्होंने कहा, "पार्टी ने सदन से वाकआउट किया तो मोदी जी की हाज़िरी लगाने के लिए बैठे रहते हैं। पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो। देश के असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो।" आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि राघव चड्ढा पार्टी लाइन से अलग होकर कई काम करते हैं। 

उन्होंने कहा, "हम लोग अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं और उनसे हमने एक ही बात सीखी है निडरता, हिम्मत और साहस के साथ लड़ना और संघर्ष करना।" उन्होंने श्री चड्ढा से सवाल करते हुए कहा कि जब मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव आता है तो आप साइन नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लोगों के वोट के अधिकार छीने जा रहे हैं, दिल्ली में हमने देखा कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किस तरह से हुआ, पंजाब का मुद्दा होता है उस वक्त भी आप खामोश रहते हैं।  

संबंधित समाचार