Varanasi News: काशी में इस बार नहीं होगा जलभराव! ड्रेनेज सिस्टम सुधारने सड़क पर उतरे महापौर और नगर आयुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

वाराणसी। बरसात के दौरान वाराणसी शहर को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वार्ड संख्या 19 कंदवा, वार्ड 39 सुसुवाही और वार्ड 33 करौंदी में चल रहे नाला सफाई कार्यों की जमीनी हकीकत जानी। 

महापौर ने मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया, ताकि जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। महापौर के नेतृत्व में निरीक्षण चितईपुर से शुरू हुआ, जहां मुख्य मार्ग पर स्थित बड़े नाले के साथ ही गांव के भीतर से गुजरने वाली ड्रेनेज लाइन का निरीक्षण किया गया। इसके बाद निगम की टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची और वहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण की स्थिति का जायजा लिया।

विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए महापौर ने मीरानगर एक्सटेंशन में नाले, शिव नगर कॉलोनी में तैयार हो रहे मियावाकी पद्धति के जंगल तथा निर्माणाधीन पार्क का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। इसके बाद अधिकारियों का काफिला चितईपुर से कंदवा मुख्य मार्ग की ओर बढ़ा, जहां सड़क किनारे बनी गहरी नाली की सफाई व्यवस्था देखी गई।

सुसुवाही वार्ड के अंतर्गत आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की सुस्त रफ्तार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी सड़क और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया गया। महापौर ने कार्यदायी संस्था को तय समयसीमा में काम पूरा करने की हिदायत दी। 

संबंधित समाचार