Kanpur: खराब डंपर ने थाम दी वाहनों की रफ्तार, कानपुर-सागर हाईवे तीन घंटे तक रहा जाम, वाहन सवार रहे परेशान

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Shukla
On

कानपुर, अमृत विचार। बिधनू थानाक्षेत्र में शुक्रवार को हाईवे पर डंपर के खराब होने के चलते कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण जाम लग गया। जिससे कई किमी तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। तेज धूप में वाहन सवारों को जाम में फंसकर परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान जाम में फंसने से बचने के लिए कई वाहन सवार दूसरे रास्तों से अपने गंतव्य को निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से खराब डंपर को हटवाकर यातायात को सुचारु किया। 
   
कानपुर-सागर हाईवे पर एक रामगंगा नहर पुल के पास एक खाली डंपर अचानक खराब हो गया। इससे हाईवे के दोनों तरफ करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यहां जाम से बचकर आगे निकलने की होड़ में लोगों ने और भी ट्रैफिक को उलझाकर रख दिया। जाम में कई चौपहिया वाहन सवार परिवार के साथ फंसे रहे। कई रोडवेज बसों में भी यात्रियों के गर्मी में पसीने छूट गए। सबसे ज्यादा बच्चों, महिलाओं और बूढ़ो को सामना करना पड़ा। जाम की सूचना पर विधनू पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस के क्रेन की मदद से खराब डंपर को हटाने में करीब तीन घंटे का समय लगा। जाम में बचने के लिए बहुत सारे लोगों ने दूसरे रास्तों से वापस होकर आवागमन किया। मालूम हो कि इससे ठीक एक दिन पहले भी जाम में फंसकर लोगों को परेशान होना पड़ा था।

यह भी पढ़ें- नगर निगम कानपुर किया गया सम्मानित: स्वच्छता ही सेवा प्रतियोगिता में पाया द्वितीय स्थान, स्वच्छ घाट योजना में मिला तीसरा स्थान

 

संबंधित समाचार