Kailash Yatra 2026: जून में खुलेगा लिपुलेख मार्ग, आज ही नोट कर लें यात्रा की तारीख
पिथौरागढ़ : उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 17 हजार फुट की उंचाई पर स्थित लिपुलेख दर्रे के जरिए होने वाली कैलाश मानसरोवर यात्रा इस साल जून में शुरू होगी। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया, " इस यात्रा में देश भर के 500 से अधिक श्रद्धालुओं को हिस्सा लेने की अनुमति दी गयी है " पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने न्यूज एजेंसी को बताया कि इस बार यात्रा में 10 जत्थे शामिल होंगे और प्रत्येक में 50 से अधिक श्रद्धालु रहेंगे।
उन्होंने बताया कि यह निर्णय दिल्ली में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में 27 अप्रैल को हुई संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक में लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा के शुरू होने की तिथि के बारे में मंत्रालय बाद में घोषणा करेगा। उन्होंने बताया, "हमने अपने स्तर पर यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि मंत्रालय को यह निर्णय करना है कि यात्रा के लिए नोडल एजेंसी कौन होगी और इसे कैसे संचालित किया जाएगा।"
चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत में कैलाश पर्वत और मानसरोवर झील का काफी धार्मिक महत्व है। हिंदुओं की मान्यता है कि कैलाश पर्वत भगवान शिव का वास स्थल है और उसकी परिक्रमा करने व मानसरोवर झील में स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है।
