स्वास्थ्य कर्मचारियों की समस्याओं पर मंथन, कैडर पुनर्गठन व वेतन विसंगतियों पर चर्चा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष ने स्वास्थ्य महानिदेशक को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार करें और शासन को भेजें, ताकि समयबद्ध तरीके से निर्णय लिए जा सकें। अगली बैठक शीघ्र आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव गुरुवार को पैरामेडिकल के छह कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। एनेक्सी भवन में संपन्न बैठक में विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई, साथ ही आश्वासन दिया कि समस्याओं के समाधान के लिए हर 15 दिन में नियमित बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारी संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक अस्पतालों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो सकता।

बैठक में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने पैरामेडिकल कर्मचारियों से जुड़ी प्रमुख मांगों को उठाया। इनमें कैडर पुनर्गठन, वेतन विसंगतियों का समाधान, रिक्त पदों पर भर्ती और पदोन्नति, पदनाम परिवर्तन तथा जिला अस्पतालों के मेडिकल कॉलेज में उन्नयन के बाद समाप्त पदों पर कर्मचारियों के समायोजन जैसे मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को नियमित नियुक्तियों में वेटेज देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।

 

संबंधित समाचार