28 परीक्षा केंद्रों पर 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर डीआईजी ने किए सुरक्षा के इंतजाम
बरेली, अमृत विचार: जिले में 1 और 2 नंबर को पुलिस भर्ती परीक्षा होगी। इसके लिए जिले में 28 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए डीआईजी की तरफ से सुरक्षा का खाका तैयार किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की डयूटी लगाई है।
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि बरेली परिक्षेत्र के जिला बरेली में कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा 1 नवंबर को जबकि पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) एवं पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर सीधी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा 2 नवंबर को कराई जाएगी। 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा में कुल 15 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 6960 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं 2 नवंबर को 13 केंद्रों पर 6000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सभी परीक्षा केंद्रों पर एक केंद्र पुलिस प्रभारी, प्रभारी जनपदीय कंट्रोल रूम, प्रभारी परीक्षा केंद्र कन्ट्रोल रूम, परीक्षा केंद्र पर चेकिंग और शान्ति व्यवस्था के लिए पुलिस बल की ड्यूटी केंद्रों पर लगाई गयी है। वहीं सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने 15 निरीक्षक, 76 उपनिरीक्षक, 15 मुख्य आरक्षी, 124 आरक्षी, 45 महिला आरक्षी एवं 15 अभिसूचना इकाई के पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गयी है। इसके अलावा प्रत्येक 3 परीक्षा केंद्र का एक सेक्टर बनाया गया है जिसके प्रभारी क्षेत्राधिकारी होंगे, जो लगातार परीक्षा केंद्रों पर भ्रमणशील रहेंगे। अधिकारियों की तरफ से सभी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था व सत्यापन कर लिया गया है।
