Deoria News: देवरिया में युवती की हत्या, प्रेमी समेत दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
देवरिया। देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में एक दलित युवती की कथित तौर पर उसके प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात को हुई जब आरोपी ने झगड़े के बाद युवती का गला रेत दिया। पुलिस युवती के प्रेमी और उसके दोस्त के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के नौतन हथियागढ़ गांव की रहने वाली अंजली (18) शनिवार की रात करीब आठ बजे अपनी बड़ी बहन और छोटे भाई के साथ सहोदर पट्टी चौराहा पर मोबाइल ठीक कराने जा रही थी। पुलिस ने बताया कि चौराहे से कुछ दूर पहले ही मोटरसाइकिल सवार आरोपी दोनों युवक उसके पास पहुंचे।
युवकों ने अंजली, उसकी बहन और भाई की रोक कर पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच एक युवक ने चाकू निकाल लिया और यह देख तीनों जान बचाने के लिए भागे। पुलिस ने बताया कि पीड़िता का पीछा करके आरोपियों ने एक खेत में उसकी हत्या कर दी। उसने बताया कि मुख्य आरोपी आदित्य सिंह उर्फ शिवम सिंह और उसके साथी राकेश कुमार गोंड के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजय कुमार रेड्डी और थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अश्वनी प्रधान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि पीड़िता और सिंह के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था।
पुलिस ने यह भी बताया कि कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। एसएचओ प्रधान ने कहा, ''पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।''
