कानपुर : बोगस फर्म बनाकर 2.88 करोड़ की जीएसटी चोरी, जांच में खुला पूरा खेल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के बर्रा में बोगस फर्म बनाकर 2.88 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे कंपनी का पंजीयन कराकर ओवरकोट के व्यापार का दिखावा किया गया और टैक्स चोरी की गई। राज्य कर अधिकारी की तहरीर पर केके ट्रेडर्स फर्म के प्रोपराइटर सतेंद्र कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

राज्य कर अधिकारी गोपाल कृष्ण सारस्वत की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच कर रही है। तहरीर के अनुसार आगरा के सुजानपुर चमरौला निवासी सतेंद्र कुमार ने बीती 26 जून को केके ट्रेडर्स फर्म का पता बर्रा के हिंद विहार इलाके का दिखाया। उसी पते पर फर्म का जीएसटी पंजीयन कराया। कागजातों में उक्त पते पर पुरुषों के लिए ओवरकोट के व्यापार की बात कही गई।

संदेह होने पर जीएसटी विभाग ने जब फर्म का सत्यापन कराया तो फर्जीवाड़ा सामने आया। फर्म पर 2.88 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी का आरोप है। टीम सत्यापन के लिए पहुंची तो दिए पते पर कोई फर्म मौजूद नहीं मिली। जांच में दिया गया पता ही गलत निकला। उस स्थान पर गूगल सर्च में हार्डवेयर की दुकान का होना दर्शया गया, लेकिन मौके पर जांच में वह दुकान भी अलग जगह मिली।

आसपास के लोगों से पूछताछ में किसी ने भी केके ट्रेडर्स या उसके प्रोपराइटर के बारे में जानकारी होने से मना किया। फर्म के पंजीयन में दिया गया मोबाइल नंबर भी बंद मिला। जिससे टीम को बोगस फर्म का संचालन का मामला लगा। पुलिस के अनुसार सुनियोजित तरीके से बोगस फर्म बनाकर आर्थिक अपराध किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार