UP: डीसीएम की टक्कर से मां-बेटी की दर्दनाक मौत, पति घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बेहजम, अमृत विचार। सिकंदराबाद-भटूरा मार्ग पर फरधान थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पठान पुरवा गांव निवासी इसराइल अपनी पत्नी सहमीन (32) और छह माह की मासूम पुत्री सायस्ता के साथ बाइक से नीमगांव कस्बे में रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने जा रहे थे। परिवार खुशी-खुशी कार्यक्रम में जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही तेज रफ्तार ने उनकी जिंदगी उजाड़ दी। हादसे में महिला का पति गंभीर रूप से घायल है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिकंदराबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने अचानक सामने से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी और तीनों सवार दूर जा गिरे। महिला और मासूम बच्ची वाहन की चपेट में आ गईं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के गांवों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने डीसीएम चालक को पकड़ लिया और उसे पास के पेड़ से बांधकर पीटना शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर फरधान पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने समझाने के साथ ही सख्ती दिखाई। तब किसी तरह चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया गया और उसे हिरासत में लिया गया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया। हादसे में घायल इसराइल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल ओयल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर के आधार पर डीसीएम चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
 
परिवार में कोहराम, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा 
हादसे में मां-बेटी की मौत की खबर जब गांव पहुंची तो जो जैसा था। वैसे ही मौके की तरफ दौड़ पड़ा। परिवार में चीख पुकार मच गई। पूरे गांव में मातम छा गया। एक ही परिवार में दो मौतों से हर कोई स्तब्ध है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में गम में बदल गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

संबंधित समाचार