कानपुर : जुमे की नमाज के लिए घर से निकला बालक लापता, अपरहण की रिपोर्ट दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। जुमे की नमाज के लिए 28 नवंबर को घर से निकला बालक संदिग्ध हालात में लापता हो गया। कई घंटे बीतने के बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तीन दिन बीतने के बाद भी बालक का कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
चकेरी के गदियाना नई बस्ती निवासी मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि उनके साढ़ू का दस वर्षीय बेटा नसर रजा कई सालों से उनके घर पर ही रह रहा था। मुश्ताक ने बताया कि बीती 28 नवंबर को रजा घर से जुमे की नमाज पढ़ने समीप की मस्जिद में गया था। वहां पहुंचकर उसने नमाज पढ़ी, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।
पहले सोचा किसी हमउम्र दोस्तों से बातचीत में फंस गया होगा। करीब दो-तीन घंटे बीतने पर मस्जिद जाकर पता किया तो जानकारी हुई सभी तुरंत चले गए थे। लौटकर घर पर देखा तो भी नहीं आया था। इस पर परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू की और उसके परिजनों को बताया। दो दिन की तलाश में कुछ पता नहीं चला है।
कुछ लोगों से पता चला कि रजा उसी दिन दोपहर 1.34 बजे मंगला विहार की तरफ जाते दिखा है। रजा के परिजनों ने चकेरी थाने में शिकायत की और अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर बालक की तलाश की जा रही है। मस्जिद के आसपास और संबंधित रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
