Harendra Singh Resigns: हरेंद्र सिंह ने भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच पद से दिया इस्तीफा, ‘निजी कारणों’ का दिया हवाला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः भारतीय महिला हॉकी टीम को बड़ा झटका लगा है। मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने अचानक ही पद से तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। हॉकी इंडिया ने देर रात बयान जारी कर इसकी पुष्टि की और बताया कि हरेंद्र ने निजी कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ने का फैसला किया है।

हरेंद्र सिंह को अप्रैल 2024 में ही मुख्य कोच बनाया गया था और उम्मीद थी कि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक तक टीम की कमान संभालेंगे। लेकिन महज 8 महीने बाद ही उनका कार्यकाल खत्म हो गया। सूत्रों के मुताबिक, टीम का लगातार खराब प्रदर्शन और खिलाड़ियों की चोटों का बढ़ता सिलसिला इस इस्तीफे की असली वजह है।

हॉकी इंडिया के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, “पिछले डेढ़ साल में टीम अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाई। कोच को हर सुविधा दी गई, फिर भी फिटनेस बड़ा मुद्दा बना रहा। अभी टीम में एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी चोटिल हैं।”

शोर्ड मारिन की वापसी तय?

सूत्र बता रहे हैं कि टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारतीय टीम को ऐतिहासिक चौथा स्थान दिलाने वाले डच कोच शोर्ड मारिन जल्द ही फिर से कमान संभाल सकते हैं। मारिन ने अगस्त 2021 में पद छोड़ा था। उनकी वापसी की खबरें तेज हो गई हैं।

हरेंद्र का भावुक बयान

इस्तीफे के बाद हरेंद्र सिंह ने कहा, “भारतीय महिला हॉकी टीम का कोच रहना मेरे करियर का सबसे गर्व वाला पल रहा। निजी कारणों से मैंने यह कदम उठाया है, लेकिन मेरा दिल हमेशा इस शानदार टीम के साथ रहेगा। हॉकी इंडिया का सफर मेरे लिए अविस्मरणीय है और मैं भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर चमकता देखने के लिए हमेशा समर्थन देता रहूंगा।”

टीम का हाल बेहाल

पिछले एक साल में भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है:
- FIH प्रो लीग 2024-25 में 16 मैचों में सिर्फ 2 जीत, 11 हार और तालिका में सबसे नीचे (9वां स्थान)
- अगले सीजन के लिए क्वालीफाई तक नहीं कर पाई
- एशिया कप फाइनल हारकर विश्व कप के लिए सीधे क्वालीफाई करने का मौका गंवाया
- राजगीर एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीती, लेकिन वहां जापान और कोरिया की बी-टीम थीं

हॉकी इंडिया का रुख

हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, “हम हरेंद्र सिंह को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हैं। उनकी भारतीय हॉकी के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा सराहनीय रही। जल्द ही नए कोच की घोषणा की जाएगी।”

महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा, “टीम की विश्व कप क्वालीफायर्स की तैयारी जारी रहेगी।”

हरेंद्र सिंह इससे पहले 2016 जूनियर विश्व कप विजेता भारतीय टीम के कोच रह चुके हैं और 2017 में महिला एशिया कप भी जिताया था। 2021-2024 तक वह अमेरिका पुरुष टीम के कोच थे।

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शोर्ड मारिन लौटते हैं या हॉकी इंडिया कोई नया नाम चुनता है। भारतीय महिला हॉकी के लिए यह मोड़ बेहद अहम है।

संबंधित समाचार