पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर भीषण बम धमाका, 24 की मौत, 50 से ज्यादा घायल, ट्रेन में सेना के जवान भी थे सवार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में रविवार को रेलवे लाइन पर हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। हमले के समय ट्रेन में सेना के जवानों और उनके परिवार भी मौजूद थे। 

विस्फोट तब हुआ जब ट्रेन क्वेटा के चमन फाटक इलाके में एक सिग्नल पार कर रही थी। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोटक से भरे डिब्बे की टक्कर से ट्रेन का एक कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मरने वालों में कई सैनिक शामिल हैं। सेना के जवान ईद की छुट्टियों पर परिवार के साथ पेशावर जा रहे थे।

धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटनास्थल पर मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव कार्य जारी है। क्वेटा के सरकारी अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है और चिकित्सा कर्मचारियों को तुरंत ड्यूटी पर बुलाया गया है।

पाकिस्तान रेलवे ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कायरतापूर्ण आतंकवादी कार्रवाई बताया है। रेल मंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तत्काल टीमों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा लेकिन सबसे पिछड़ा प्रांत माना जाता है, जहां अलगाववादी समूह लंबे समय से सक्रिय हैं।

संबंधित समाचार