त्योहारी सीजन में खूब हुई खरीदारी... फिर भी 320 करोड़ कम मिला GST, दरें कम होने से राजस्व पर पड़ा असर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अन्य कर मदों में बढ़ोतरी से संभला कुल संग्रह

लखनऊ, अमृत विचार: त्योहारी सीजन में जमकर खरीदारी होने के बाद भी प्रदेश जीएसटी राजस्व में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वित्त विभाग द्वारा जारी नवंबर के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में हुए कारोबार से राज्य को मिलने वाला जीएसटी राजस्व इस वर्ष 320 करोड़ रुपये कम रहा। नवंबर 2025 में जीएसटी से 7472.59 करोड़ रुपये की प्राप्ति हुई, जबकि नवंबर 2024 में यह आंकड़ा 7793.48 करोड़ रुपये था। जीएसटी राजस्व में आई गिरावट को सीधे जीएसटी दरों में की गई कमी से जोड़ा जा रहा है। इस वर्ष नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार अक्टूबर में थे, जिसके चलते बाजार में भारी भीड़ और खरीदारी देखी गई। इसके बावजूद जीएसटी में कमी दर्ज हुई।

दरें घटने से बाजार में मांग में इजाफा: वित्त मंत्री

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से जनता को सीधा लाभ मिला है और इससे बाजार में खरीदारी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि दरें घटने से बाजार में मांग में इजाफा हुआ है। आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। जीएसटी में कमी के बावजूद अन्य कर मदों के बेहतर प्रदर्शन की वजह से नवंबर 2025 में कुल कर एवं करेतर राजस्व 18,997.86 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष नवंबर के 18,389.80 करोड़ रुपये की तुलना में 608.06 करोड़ रुपये अधिक है। बताया कि नवंबर तक कर राजस्व की कुल प्राप्ति 1,41,449.47 करोड़ रुपये रही है, जो वित्त वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्य (1,91,019.32 करोड़ रुपये) का 74 प्रतिशत है।

नवंबर 2024 और नवंबर 2025 में प्रमुख करों से हुई प्राप्ति (करोड़ रुपये में)

राज्य कर का नाम नवंबर 2024 नवंबर 2025

जीएसटी 7793.48 7472.59

वैट 2685.19 2830.85

आबकारी 4071.27 4486.50

स्टांप एवं निबंधन 2263.77 2585.62

परिवहन 1205.28 1208.46

भूतत्व एवं खनिकर्म 370.81 413.84

कुल योग 18,389.80 18,997.86

संबंधित समाचार