Amrit Vichar Impact : तय दूरी पर पहुंच गए जानलेवा एचटी लाइन के तार, स्थानीय निवासियों ने ली राहत की सांस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

हैदरगढ़/बाराबंकी, अमृत विचार। एक व्यक्ति को करंट का झटका लगने व लंगूरी बंदर की मौत की खबर अमृत विचार में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद आखिरकार विभाग जागा और मंगलवार को मैनुअली काम कराकर तार तय ऊंचाई पर पहुंचा दिए गए। इस काम के हो जाने के बाद स्थानीय वासियों ने राहत की सांस ली है।

बताते चलें कि कस्बा के पूरे मित्तई वार्ड से होकर लिल्हौरा माइनर पटरी गुजरी है। इसके आस पास जंगल झाड़ी लगी हुई है। करीब एक सप्ताह पूर्व एक व्यक्ति हरा बांस लेने गया था, वापस लौटते समय बांस काफी नीचे लटक रहे हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह काफी झुलस गया हालांकि उसकी जान बच गई। सोमवार को इसी तार से चिपक कर एक लंगूरी बंदर की दर्दनाक मौत हो गई।

cats

इस तार के काफी नीचे लटकने से बराबर खतरा बना हुआ है। विभागीय नियम की बात करें तो हाईटेंशन लाइन के तार की ऊंचाई साढ़े पांच मीटर होनी चाहिए लेकिन यह तार केवल पांच फीट ऊंचाई पर लटका हुआ है। बताया जा रहा कि करीब एक साल पहले टीम नए खंभे लगाकर तार खींचने गई थी लेकिन विरोध के चलते काम नहीं हाे सका।

अमृत विचार के डिजिटल प्लेटफार्म ने इस अहम समस्या को प्रमुखता से उजागर किया। जिसके बाद विद्युत विभाग हैदरगढ़ डिवीजन ने मंगलवार को तार ऊंचे करवा दिए। तार तय दूरी पर पहुंच जाने से अब कम से कम जान का खतरा न के बराबर हो गया है। स्थानीय वासियों ने संतोष जताया तो अधिशाषी अभियंता रमेश कुमार का कहना है कि मौके पर लटक रहे तार ऊंचे करवा दिए गए हैं।

संबंधित समाचार