किसानों ने की सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद, UKMI ने किया महापंचायत का आोजन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ/काकोरी, अमृत विचार। दुबग्गा में संयुक्त किसान मोर्चा भारत (United Kisan Morcha India) के तत्वाधान में एक किसान महापंचायत का आयोजन हुआ है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (दशहरी संगठन) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव के नेतृत्व में किसानों की यह पंचायत हुई। जिसमें हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। महापंचायत में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।

इस महापंचायत के दौरान एसीपी कृष्णा नगर और एसीपी काकोरी भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन किसानों का आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला।

किसानों का आरोप है कि सरकार किसान हित की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि किसानों की जमीन, फसल का उचित मूल्य, कर्ज, बिजली, खाद-बीज और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष यादव ने कहा कि किसानों को उनकी जमीन का उचित मुआवजा, फसलों का सही दाम और सम्मानजनक जीवन मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महापंचायत में शामिल किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक संघर्ष जारी रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में प्रशासन से किसानों की समस्याओं को उच्च स्तर तक पहुंचाने की मांग की गई।
महापंचायत में पहुंचे एसडीएम सरोजनी नगर अंकित शुक्ला को किसानों ने मांग पत्र सौंपा।

संबंधित समाचार