भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बड़ा लक्ष्य रखा: पंचायत से लेकर विधानसभा तक ऐतिहासिक जीत का संकल्प
पार्टी की विचारधारा हर वर्ग तक पहुंचाने में विभागों–प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका: पंकज
योगी सरकार में कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण में नए मानक स्थापित
लखनऊ, अमृत विचार: भारतीय जनता पार्टी के राज्य मुख्यालय पर गुरुवार को पार्टी के मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों, महामंत्रियों व संयोजकों की बैठक में पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव-2027 के लक्ष्य तय किए गए।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि विभागों और प्रकोष्ठों में कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर जिम्मेदारी समान रूप से महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता अपने परिश्रम, समर्पण और संगठनात्मक कौशल के बल पर पार्टी और समाज में विशिष्ट पहचान बनाता है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में विभागों और प्रकोष्ठों की निर्णायक भूमिका होती है, जिससे संगठन निरंतर मजबूत होता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प के साथ देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, सुशासन, बुनियादी ढांचे और गरीब कल्याण में नए मानक स्थापित हुए हैं।
पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी को 2017 से भी बड़ी और ऐतिहासिक विजय के लक्ष्य के साथ अभी से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं है और भाजपा का जागरूक कार्यकर्ता झूठ व दुष्प्रचार का तथ्य और सच्चाई से जवाब देगा।
संगठन का संदेश जन-जन पहुंचाएं कार्यकर्ता-धर्मपाल
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित और विचारधारा-प्रधान संगठन है। मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं। सरकार की योजनाओं और संगठन का संदेश जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। इससे संगठन और समाज के बीच विश्वास और अधिक मजबूत होगा। बैठक का संचालन विभाग–प्रकोष्ठों के प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने किया।
