महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने की कार्यों की समीक्षा : रेलवे की आय, संसाधनों और संरक्षा मजबूत करने पर दिया जोर

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने मंगलवार को लखनऊ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल नियंत्रक कक्ष का निरीक्षण और मंडल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंडल प्रशासन की कॉफी टेबल बुक एक सदी की गूंज- लखनऊ जंक्शन और ‘संरक्षा पत्रिका’ के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया। पुस्तक में लखनऊ जंक्शन और लखनऊ मंडल की ऐतिहासिक यात्रा, विकास और योगदान को चित्रों और दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

समीक्षा बैठक में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से परिचालन सुगमता, यात्री सुविधाओं के विकास, आय-व्यय, इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं, शिकायत निवारण और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी प्रगति की जानकारी दी। बताया कि संरक्षा, समयपालन और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। महाप्रबंधक ने रेलवे की आय बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और संरक्षा मानकों को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने रेल पथों के अनुरक्षण, सिग्नल प्रणाली, चल स्टॉक के रखरखाव और विद्युत कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। सेवानिवृत्त होने वाले 12 कर्मचारियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए तथा सफाई मित्रों को पीपीई किट और यात्रियों को कपड़े के थैले वितरित किए। अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू सहित अन्य शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

एनई रेलवे मेंस कांग्रेस ने महाप्रबंधक को सौंपा 10 सूत्री ज्ञापन

महाप्रबंधक को एनई रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडलमंत्री राकेश चंद्र वर्मा ने टीम के साथ 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा। इसमें कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए नई भर्ती, जीडीसी भर्ती बहाली, एलडीसी में सभी विभागों को शामिल करने, पूल वाइज नए आवास निर्माण, माता-पिता के लिए पास मेडिकल सुविधा, शीतकालीन पेट्रोलिंग 12 किमी, 12 घंटे ड्यूटी रोस्टर पर दो दिन विश्राम, पूर्ण रात्रि ड्यूटी भत्ता तथा आवागमन के दौरान दुर्घटना को ऑन ड्यूटी मानने की मांग की गई। कार्यक्रम में महिला लोको पायलट मोनिका गौतम से बुके दिलाकर यूनियन ने नई पहल की।

संबंधित समाचार