Union Budget 2026-27 : रक्षा बजट के लिए 7.84 लाख करोड़ रुपये सरकार ने किए आवंटित, सेना के मॉडर्नाइजेशन पर है खास फोकस

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। सरकार ने रविवार को 2026-27 के लिए रक्षा व्यय के रूप में 7,84,678 करोड़ रुपये आवंटित किए, जबकि पिछले वर्ष यह राशि 6,81,210 करोड़ रुपये आवंटित की गई थी। कुल पूंजीगत व्यय 2,19,306 करोड़ रुपये आंका गया है। राजस्व व्यय 5,53,668 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें पेंशन के लिए 1,71,338 करोड़ रुपये शामिल हैं।

पूंजीगत व्यय के तहत विमान और एयरो इंजन के लिए 63,733 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं, जबकि नौसेना बेड़े के लिए 25,023 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार ने 2025-26 में रक्षा बजट के लिए 6,81,210 रुपये आवंटित किए थे। पूंजीगत व्यय 1,80,000 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था, जो संशोधित अनुमान चरण में बढ़कर 1,86,454 करोड़ रुपये हो गया। 

अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने असैन्य, प्रशिक्षण और अन्य विमानों के निर्माण के लिए आवश्यक घटकों और पुर्जों पर मूल सीमा शुल्क से छूट देने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने रक्षा क्षेत्र की इकाइयों द्वारा रखरखाव, मरम्मत या नवीनीकरण के लिए उपयोग किए जाने वाले विमान के पुर्जों के निर्माण हेतु आयातित कच्चे माल पर मूल सीमा शुल्क माफ करने की भी घोषणा की। इन दोनों फैसलों से रक्षा और अंतरिक्ष उद्योग को मदद मिलने की उम्मीद है। 

2025 में भारत का रक्षा बजट
केंद्रीय बजट 2025 में रक्षा यानी डिफेंस क्षेत्र के लिए कुल 6.8 लाख करोड़ रुपये के बजट का ऐलान किया गया था।

2024 में भारत का रक्षा बजट
2024 में भारत का रक्षा बजट 6.21 लाख करोड़ रुपये था। ये राशि वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 4.79 प्रतिशत ज्यादा थी। तब कुल 5.94 लाख करोड़ रुपये बजट का आवंटन किया गया था। 

कितना है अन्य देशों का बजट?

चीन ने 2025-26 के लिए भारी भरकम रक्षा बजट का ऐलान किया था। चीन का कुल रक्षा बजट 249 अरब अमेरिकी डॉलर था। पिछले साल की अपेक्षा यह उसके राष्ट्रीय रक्षा बजट में करीब 7.2 प्रतिशत की वृद्धि थी। दुनिया में सबसे बड़ा रक्षा बजट अमेरिका का है। Global Fire Power के मुताबिक, अमेरिका का रक्षा बजट 895 अरब डॉलर का है।

संबंधित समाचार