इकोनॉमिक कॉरिडोर को मुख्यमंत्री योगी ने बताया "गेमचेंजर", कहा- पश्चिम यूपी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली-बागपत-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए "गेमचेंजर" बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, उद्योग और रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ेंगे। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया और इसे प्रदेश के विकास का ऐतिहासिक कदम बताया।

सीएम योगी ने कहा कि यह इकोनॉमिक कॉरिडोर पश्चिम यूपी के लिए विकास की रीढ़ साबित होगा। इससे सहारनपुर के वुडवर्क, मेरठ के स्पोर्ट्स गुड्स और किसानों के कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय राजधानी के जरिए वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और बागपत जैसे जिलों के उत्पादों को इस कॉरिडोर से बड़ा बाजार मिलेगा। गन्ना, फल-सब्जी और अन्य कृषि उत्पादों को बेहतर कीमत मिलने के साथ ही क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन" सरकार के तहत उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सहारनपुर में विश्वविद्यालय, एयरपोर्ट और जेवर फिल्म सिटी जैसी परियोजनाएं इसका उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के प्रतीक महापुरुषों के सम्मान में सरकार विशेष कार्य करेगी और जहां आवश्यक होगा वहां मूर्तियों के संरक्षण के लिए धन उपलब्ध कराया जाएगा। योगी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग समाज को बांटने का काम करते हैं, वे विकास नहीं कर सकते।

उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और सेवा के मॉडल पर ही प्रदेश आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहारनपुर, मेरठ और बागपत में इंडस्ट्रियल और हाउसिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के जरिए उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।   

संबंधित समाचार