बजट निराशाजनक, गरीब और मध्यम वर्ग के लिए कुछ नहीं : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्रीय बजट 2026 को निराशाजनक और आम जनता की समझ से परे बताया है। उन्होंने कहा कि बजट ने किसानों, नौजवानों, महिलाओं, व्यापारियों और मध्यम वर्ग को निराश किया है। शिक्षा और रोजगार की उपेक्षा करते हुए केवल सपने दिखाए गए हैं, जबकि महंगाई और बेरोजगारी पर कोई ठोस प्रावधान नहीं है।
सपा प्रमुख ने रविवार को केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल पांच फीसदी लोगों के हित में बजट बनाती है और शेष 95 फीसदी आबादी की अनदेखी करती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, रोजगार के अवसर नहीं बढ़े और सामाजिक न्याय के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण, स्वास्थ्य, बिजली, नदियों की सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर सरकार की कोई स्पष्ट नीति नहीं है। यह बजट गरीब, किसान और मध्यम वर्ग की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
