वाराणसी : विमान के टॉयलेट में सादे पेपर पर लिखा मिला 'ब्लास्ट', यात्रियों में मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

वाराणसी। हैदराबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6ई-6719 में रविवार शाम को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। विमान के लैंड करने के बाद तुरंत गहन जांच शुरू कर दी गई। जांच के बाद हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुआ। 

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इंडिगो की यह फ्लाइट वाराणसी पहुंच रही थी, तभी क्रू सदस्य को टॉयलेट में एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर कुछ लिखा हुआ था। एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) और स्थानीय पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विमान में सवार क्रू सदस्यों सहित कुल 237 लोगों को सुरक्षा जांच के बाद सुरक्षित उतारा गया। 

फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विमान के टॉयलेट में सादे कागज के टुकड़े पर पेंसिल से 'ब्लास्ट' लिखा हुआ मिला था। विस्तृत तलाशी के बाद विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को निर्धारित समय से पहले ही लैंडिंग कराई गई थी। 

जांच के बाद कुछ मिला नहीं। कई घंटों तक चली गहन जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार, यात्रियों की हैंडराइटिंग मिलान के लिए सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ लोगों से सादे कागज पर लिखवाया गया। जांचकर्ता यह पता लगा रहे हैं कि टॉयलेट में यह कागज आखिरकार कहां से आया। 

संबंधित समाचार