T20 World Cup: पाकिस्तान के मैच बॉयकॉट पर भड़के पाक के पूर्व क्रिकेटर्स, खुद की सरकार पर उठाए सवाल
नई दिल्लीः पाकिस्तान सरकार ने रविवार को बड़ा ऐलान किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच नहीं खेलेगी। यह मैच कोलंबो (श्रीलंका) में होने वाला है। सरकार ने टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की मंजूरी दी है, लेकिन स्पष्ट कहा कि "पाकिस्तान क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।"
इस फैसले से पाकिस्तान को 2 पॉइंट्स का नुकसान होगा और भारत को वॉकओवर मिलेगा। ग्रुप A में भारत, पाकिस्तान, यूएसए और नीदरलैंड्स हैं। पाकिस्तान को अब यूएसए और नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी ताकि सुपर 8 में पहुंच सके। भारत से खेले बिना भी आगे बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।
पूर्व क्रिकेटर्स ने सरकार पर साधा निशाना
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासित अली और कामरान अकमल ने इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर 15 फरवरी का मैच नहीं खेलना था, तो फिर U-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ आज (रविवार) मैच क्यों खेला गया? यह भी ICC का ही इवेंट है!
बता दें, आज ही U-19 वर्ल्ड कप के सुपर सिक्स मैच में भारत ने पाकिस्तान को 58 रनों से हराया। भारत ने 252 रन बनाए और पाकिस्तान 194 पर सिमट गया। भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया, जबकि पाकिस्तान बाहर हो गया।
पूर्व खिलाड़ियों का सवाल जायज है। एक ICC इवेंट में खेल रहे हो, दूसरे में बॉयकॉट? यह दोहरी नीति क्यों?
सेमीफाइनल या फाइनल में क्या होगा?
सरकार ने अभी स्पष्ट नहीं किया कि अगर नॉकआउट में भारत-पाकिस्तान टकराव हुआ तो टीम खेलेगी या नहीं। ग्रुप मैच बॉयकॉट से ICC की कमाई पर असर पड़ सकता है, क्योंकि भारत-पाक मैच सबसे ज्यादा रेवेन्यू जनरेट करता है। ICC ने अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन "सेलेक्टिव पार्टिसिपेशन" पर सख्त रुख अपनाने की संभावना है।
