बजट 2026 : दवा विक्रेता बोले- सस्ती दवाओं से मरीजों की जेब का बोझ घटा
बरेली, अमृत विचार। आम बजट से जिले में दवा विक्रेताओं में खुशी का माहौल है। विशेष रूप से डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता करने का निर्णय लिया गया है, जिससे मरीज अब आसानी से इन जरूरी दवाओं को खरीद पाएंगे।
दवा विक्रेताओं का कहना है कि ये दवाएं काफी महंगी होने के कारण कई मरीजों की जेब पर भारी पड़ती थीं, सरकार की इस पहल से आम आदमी को सीधी राहत मिलेगी। सरकार के इस फैसले का सभी दवा व्यापारी स्वागत करते दिखे और कहा कि स्वास्थ्य के मोर्चे पर यह अच्छा बजट बनाया गया। दवाओं की कीमतों में कमी से मरीजों की पहुंच आसान होगी और स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च में भी कमी आएगी। बजट में इस निर्णय को स्वागत योग्य कदम माना है।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष दुर्गेंश खटवानी ने बताया कि सरकार ने स्वास्थ्य के मोर्चे पर बहुत अच्छा फैसला लिया है। बजट में दवाओं की कीमतें घटाने से मरीजों की परेशानी कम होगी। डायबिटीज और कैंसर जैसी दवाओं का सस्ता होना सीधे आम आदमी के जीवन पर असर डालेगा। हम विक्रेता भी खुश हैं क्योंकि अब ग्राहक आसानी से दवा खरीद पाएंगे और दवा की पहुंच सभी तक होगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष रिटेल केमिस्ट एसोसिएशन अविनेश मित्तल ने कहा कि बजट में दवाओं की कीमतें कम करने का निर्णय बहुत राहत देने वाला है। डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं पहले काफी महंगी थीं और कई मरीज इन्हें खरीदने में परेशान रहते थे। अब सस्ती दवाओं से मरीजों को लाभ मिलेगा। आम आदमी भी आसानी से इलाज करा सकेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह बजट काफी सकारात्मक कदम है।
दवा विक्रेता जितेंद्र ने कहा कि दवाएं महंगी होने से कई लोग उन्हें नहीं खरीदते थे, डायबिटीज ऐसी बीमारी है जो आम होती जा रही है। इसकी दवा भी सस्ती कर दी गई है। जल्द, नई एमआरपी की दवा आ जाएगी। उसी हिसाब से फिर दवाओं को बेचा जायेगा। सरकार का यह फैसला बहुत सराहनीय है। इस बजट से आम आदमी को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार स्वास्थ्य के प्रति जागरूक है। यह बहुत अच्छी बात है।
दवा विक्रेता मुकेश कुमार ने बताया कि बजट आम आदमी के लिए राहत से भरा हुआ है। दवाओं के सस्ते होने से अब ग्राहक और ज्यादा देखने को मिलेंगे. पहले कई लोग महंगी होने की वजह से दवा नहीं खरीदते थे या जेनरिक लेने पर मजबूर होते थे। कई बार दवा चेंज होने से वह असर नहीं करती थी, लेकिन अब मरीज आसानी से जरूरी दवा खरीदेगा, जिससे बाजार में हलचल तेज रहेगी।
