नए ट्रेडों पर लाइसेंस शुल्क के लाए जा रहे प्रस्ताव पर बिफरे व्यापारी, लखनऊ व्यापार मंडल ने बाजार बंद की दी चेतावनी
कहा नगर निगम के करों का किया जाएगा बहिष्कार
लखनऊ, अमृत विचार: 21 नए ट्रेडों पर लाइसेंस शुल्क लाए जाने के प्रस्ताव पर लखनऊ व्यापार मंडल ने नाराजगी जताई है। इस सिलसिले में संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, महामंत्री अनुराग मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर के नेतृत्व में महापौर सुषमा खर्कवाल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि किसी भी प्रकार का लाइसेंस शुल्क या नया कर लागू करने का प्रयास किया गया, तो व्यापारी व्यापक आंदोलन करेगा। नगर निगम से संबंधित करों के बहिष्कार और लखनऊ बंद जैसे कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि नगर निगम द्वारा नए ट्रेडों पर लाइसेंस शुल्क लगाए जाने को लेकर एक बार फिर भ्रम की स्थिति उत्पन्न की गई है, जिससे लखनऊ के व्यापारी समाज में भारी रोष है। जबकि नगर निगम की कार्यकारिणी द्वारा पहले ही यह स्पष्ट निर्णय लिया जा चुका है कि नए ट्रेडों पर कोई लाइसेंस शुल्क नहीं लगाया जाएगा, इसके बावजूद फिर से इस संबंध में समाचार आ रहे हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि सितम्बर माह में नगर निगम द्वारा 21 नए ट्रेडों पर लाइसेंस शुल्क लगाने का प्रस्ताव लाया गया था, जिसका समस्त व्यापारी संगठनों ने तीव्र विरोध किया। सांसद राजनाथ सिंह एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के हस्तक्षेप के बाद नगर निगम की कार्यकारिणी द्वारा लाइसेंस शुल्क न लगाने का स्पष्ट निर्णय लिया गया था।
इसके बाद अपर नगर आयुक्त के हवाले से इस आशय के समाचार सामने आए हैं। नगर निगम के कुछ अधिकारी व्यापारियों को गुमराह कर लाइसेंस शुल्क को पिछले दरवाजे से लागू करने का प्रयास कर रहे हैं। इसे लेकर संगठन ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। व्यापार मंडल ने महापौर से मांग की है कि इस विषय में तत्काल लिखित एवं सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी कर स्थिति स्पष्ट की जाए तथा भ्रम फैलाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
