UP: पटवाई में रिश्ते दागदार, नशे में धुत पिता ने 9 साल की बेटी से किया रेप
रामपुर, अमृत विचार। जनपद के पटवाई थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 9 साल की मासूम बेटी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। शराब के नशे में धुत पिता ने अपनी सगी बेटी को हवस का शिकार बनाया और उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक की पत्नी की करीब दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। उसके पांच बच्चे (तीन बेटियाँ और दो बेटे) हैं। शुक्रवार की रात घर में 9 वर्षीय छोटी बेटी अकेली थी। उसकी बड़ी बहन पास ही के गाँव में एक गीत कार्यक्रम में गई हुई थी। इसी सन्नाटे का फायदा उठाकर आरोपी पिता ने नशे की हालत में अपनी मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म किया।
दरिंदगी के दौरान जब मासूम बच्ची दर्द से कराहते हुए बेहोश हो गई, तो आरोपी पिता उसे उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गाँव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि आरोपी ने पहले अपनी बड़ी बेटी के साथ भी इसी तरह की घिनौनी हरकत करने का प्रयास किया था। पीड़िता को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन वह गहरे सदमे में है।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
गांव वालों ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जाहिर की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे दरिंदे को समाज में रहने का कोई हक नहीं है और उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। जानकारी के मुताबिक, अभी तक परिजनों की ओर से थाने में कोई औपचारिक लिखित तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
