Bareilly : बरेली में एम्स स्थापना की बढ़ी उम्मीद...अब पैरवी होगी तेज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। केंद्रीय बजट में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना की बात शामिल करने के बाद बरेली शहर में ''एम्स'' की स्थापना की उम्मीद बढ़ गयी है। एम्स स्थापना की वर्षों पुरानी मांग को बल मिला है। जिले के जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से कई बार एम्स की मांग कर चुके हैं। कुछ माह पूर्व जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजा जा चुका है।

बरेली टू टियर शहरों में शामिल होने के साथ दिल्ली-लखनऊ के मध्य में है। यहां एम्स की स्थापना की प्रबल संभावना भी है। बरेली में एम्स बनने से बरेली व मुरादाबाद मंडल के लोगों को भी लाभ मिलेगा। बरेली शहर में एम्स की स्थापना के लिए फतेहगंज पश्चिमी में बंद पड़ी रबर फैक्ट्री की सैकड़ाें एकड़ भूमि भी उपलब्ध है। इसी भूमि पर एम्स की स्थापना की मांग वर्षों से की जा रही है। सांसद रहते हुए संतोष गंगवार, सांसद छत्रपाल गंगवार, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप आदि एम्स की स्थापना कराए जाने के लिए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से व्यक्तिगत मिलने के साथ पूर्व में पत्र लिख चुके हैं।


कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना बरेली में कराने के लिए पूर्व के प्रयास और तेज हाेंगे। बरेली में एम्स बनने से कई जिलों के लोगों को लाभ मिलेगा। वैसे भी आगरा से दिल्ली डेढ़-दो घंटे व मेरठ से एक घंटे दूर है। जबकि बरेली से चार से पांच घंटे लगते हैं। एक दो दिन में लखनऊ जाने पर मुख्यमंत्री से फिर इस संबंध में बातचीत करेंगे।

भाजपा  बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि बजट में एम्स के प्रावधान होने से बरेली में इसकी स्थापना कराने के हर संभव प्रयास हाेंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एम्स की मांग सबसे ज्यादा बरेली से उठी है। जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर उच्च स्तर पर एम्स की स्थापना की बात उठाएंगे। बरेली में एम्स बनने से हजारों लोगों को लखनऊ और दिल्ली की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी।

ट्रामा सेंटर बनेगा पर बरेली में पहले से बना है
बरेली: बजट में हर जिले में ट्रामा सेंटर बनाए जाने का प्रावधान है। बजट के अनुसार बरेली में भी बनना चाहिए, लेकिन बरेली में पहले से ट्रामा सेंटर सफेदहाथी बना हुआ है। भवन बनकर खड़ा है, लेकिन स्टाफ की तैनाती नहीं हुई है, इस वजह से इसका संचालन नहीं हुआ है। नए ट्रामा सेंटर खोले जाने के क्रम में पहले से बने ट्रामा सेंटर में मैनपावर तैनात होने की उम्मीद बढ़ गयी है।

संबंधित समाचार