Moradabad: सोना-चांदी के भाव गिरने से कारोबारियों में राहत, बढ़ी खरीदारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सोना और चांदी के दामों में आई तेज गिरावट से सराफा बाजार ने राहत की सांस ली है। भाव में नरमी आते ही बाजार में ऑर्डर की बुकिंग भी शुरू हो गई है। कारोबारियों को अब कीमतों में स्थिरता आने की उम्मीद जगी है, जिसका सीधा असर खरीदारी पर दिखने लगा है। सहालग के चलते शादी वाले घरों के लिए यह गिरावट बड़ी राहत साबित हो रही है।

पिछले तीन दिनों में चांदी के भाव में करीब 1.40 लाख रुपये प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई है। बीते शुक्रवार को एमसीएक्स पर चांदी का भाव 4.15 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था, जो रविवार को घटकर 2.65 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गया। इसी तरह सोने के भाव भी नीचे आए हैं। हाल ही में सोना 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था, जो अब घटकर करीब 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रहा है।

भाव में आई इस गिरावट का असर शहर के प्रमुख सराफा बाजार गंज, गुरहट्टी, मंडी चौक समेत अन्य बाजार में नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों से ऊंचे दामों के कारण बाजार में सन्नाटा था, लेकिन अब ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। खासकर चांदी के आभूषणों और बर्तनों की पूछ बढ़ी है, क्योंकि ऊंचे दामों से मध्यम वर्गीय परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे थे। सहालग के चलते सोना-चांदी की खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। कीमतें नीचे आने के बाद शादी वाले घरों में जरूरी आभूषणों की खरीद फिर से शुरू हो गई है। ग्राहक अब ऑर्डर देकर डिजाइन पसंद कर रहे हैं, जिससे कारीगरों के काम में भी तेजी आई है।

बाजार गंज सराफा कमेटी अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि भाव में आई गिरावट से बाजार को कुछ राहत मिली है। बीते कुछ समय से ऊंचे दामों के कारण ग्राहक खरीदारी टाल रहे थे, लेकिन अब फिर से ऑर्डर आने लगे हैं। अगर भाव इसी तरह स्थिर रहे तो सहालग में कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है। सराफा कारोबारी दीपांशु अग्रवाल ने बताया कि चांदी के दाम बहुत ज्यादा बढ़ने से मध्यम वर्ग की खरीदारी लगभग ठप हो गई थी। अब कीमतें कम हुई हैं तो ग्राहक दुकानों पर पहुंचने लगे हैं। खासकर शादी-विवाह से जुड़े आभूषणों की पूछताछ के लिए आ रहे हैं। हालांकि, जरूरी है कि ग्राहक सूझबूझकर निवेश करें।

संबंधित समाचार