Bareilly : तीन महीने बंद रहेगा सिटी स्टेशन रोड, चौपला पुल से किला पुल तक होगा सड़क निर्माण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के प्रमुख मार्ग चौपुला से किला पुल तक सीसी रोड के निर्माण का काम मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होगा। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग तीन महीने का समय लगेगा। इस दौरान भारी वाहनों, रोडवेज और सिटी बसों, ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा। पीडब्ल्यूडी, रेलवे और यातायात पुलिस की संयुक्त बैठक में वैकल्पिक मार्ग, भारी वाहनों की आवाजाही और स्टेशन क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।

एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने रूट डायवर्जन को लेकर जो एडवाइजरी जारी की है। उसमें चौपला पुल से सिटी स्टेशन की ओर से जाने वाले रास्ते पर सभी प्रकार के भारी वाहनों पर प्रतिबंधित रहेगा। मिनी बाईपास से किला स्थित दुल्हे मियां की मजार और चौपला की ओर भी भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। दिल्ली और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन बरेली आने के लिए झुमका तिराहा, बड़ा बाईपास, बिलवा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक जाएंगे। 

लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास का ही प्रयोग करेंगे। बदायूं की ओर जाने वाले वाहन फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा मार्ग से निकलेंगे, जबकि बदायूं की ओर से शहर में प्रवेश करने वाले वाहन इसी मार्ग से बड़ा बाईपास होकर आएंगे। नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले बड़े वाहन बड़ा बाईपास से बिलवा, विलयधाम, इन्वर्टिस तिराहा के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक आएंगे और इसी मार्ग से लौटेंगे। एसपी ट्रैफिक ने अपील की है वाहन चालक सड़क निर्माण अवधि के दौरान केवल तय किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसों के लिए नया मार्ग तय किया गया है। अब ये बसें झुमका तिराहा, मिनी बाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, 100 फुटा पूर्वी पीलीभीत रोड और सुरेश शर्मा नगर होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक पहुंचेंगी। वहीं, बदायूं जाने वाली बसें सैटेलाइट, बियावानी कोठी, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहे के रास्ते चलेंगी। यह व्यवस्था निर्माण कार्य के दौरान यातायात सुगम बनाए रखने के लिए लागू की गई है।

30 इंच मोटी बनेगी रोड, बारिश और हैवी ट्रैफिक झेल सकेगी
चौपुला पुल से किला तक 1200 मीटर लंबी सड़क निर्माण पर पांच करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका ठेका एएन बिल्डर को मिला है। मार्ग के किनारे रेलवे परिसर होने के कारण बरसाती पानी जमा होकर सड़क की सतह को नुकसान पहुंचाता था। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन भगत सिंह का कहना है, चूंकि यह रोड शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल हैं, इससे रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, इसलिए सड़क की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया गया है। प्रस्तावित सीसी रोड की मोटाई 30 इंच और चौड़ाई आठ मीटर होगी। मोटाई अधिक रखने का निर्णय जलभराव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसमें मजबूत सीमेंट कंक्रीट का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि भारी वाहनों और बारिश के मौसम में सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे।

 

संबंधित समाचार