UP: घर में घुसकर दंपत्ति को नशीला पदार्थ सुंघाकर 10 लाख रुपये ले उड़े
स्वार, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र में नशीला पदार्थ सुघांकर दंपत्ति को बेहोश कर 10 लाख रुपये लूटने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव समोदिया निवासी नक्शे अली बैंक ऑफ बड़ौदा के बीसी प्वाइंट का संचालन करते हैं। 31 जनवरी को उनके घर में 10 लाख रुपये से भरा बैग रखा हुआ था। इसी दौरान गांव की ही रुबी पत्नी रजा अली उनके घर पहुंची। उस समय नक्शे अली की पत्नी शायरा परवीन घरेलू कामकाज में कर रही थीं। आरोप है कि रुबी ने अचानक दंपत्ति को नशीला पदार्थ सुघां दिया, जिससे दोनों बेहोश हो गए।
इसके बाद वह घर में रखा 10 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गई। काफी देर तक फोन न उठने पर नक्शे अली के भाई हिब्जे अली घर पहुंचे। जहां दोनों को बेहोशी की हालत में पाया। उन्होंने दंपत्ति को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
होश में आने पर नक्शे अली ने पूरी घटना परिजनों को बताई। जिसे सुन कर वह दंग रह गए। पीड़ित के भाई हिब्जे अली ने थाना अजीमनगर क्षेत्र के गांव खेमपुर निवासी रुबी के भाई राशिद, आसिफ, आरिफ पुत्र मोहम्मद अली सहित चार लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
