राहुल गांधी के 'गद्दार' तंज पर BJP का पलटवार: सिख नेताओं ने घेरा, कहा- राहुल गांधी ने हमेशा अपमान किया

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्लीः संसद परिसर में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच हुई तीखी नोकझोंक अब राजनीतिक तूफान बन चुकी है। राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान बिट्टू को "मेरे गद्दार दोस्त" कहकर संबोधित किया और मजाकिया अंदाज में हाथ मिलाने की कोशिश की, साथ ही कहा कि वे वापस कांग्रेस में लौट आएंगे। बिट्टू ने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और पलटवार में राहुल को "देश का दुश्मन" करार दिया।

इस घटना के बाद बीजेपी ने अपनी सिख नेताओं की पूरी ताकत झोंक दी। पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि "गद्दार" जैसे शब्द का इस्तेमाल बेहद गंभीर है, क्योंकि इसका मतलब देश के साथ विश्वासघात करने वाला होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल सिर्फ इसलिए नाराज हैं क्योंकि बिट्टू ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन की। पुरी ने कहा, "एक पगड़ी पहनने वाले शख्स के पार्टी छोड़ने पर उसे गद्दार कहना अस्वीकार्य है। संसद में और बाहर चर्चा शालीनता से होनी चाहिए।" उन्होंने बिट्टू के परिवार के बलिदान का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे बयान सिख समुदाय के लिए अपमानजनक हैं।

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने राहुल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सिखों के प्रति नफरत रखते हैं। कभी उन्हें आतंकी बताते हैं, तो कभी देश बांटने वाला। सिरसा ने 1984 के दंगों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने सिखों के गले में टायर डालकर आग लगाने का काम किया और अखबारों में इश्तहार देकर उन्हें आतंकी बताया। उन्होंने कहा, "असली गद्दार गांधी परिवार है, जो सिखों के खिलाफ जहर फैलाता रहा है।"

पूर्व कांग्रेस नेता और बीजेपी के अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि सिख समुदाय में राहुल के बयान से भारी आक्रोश है। उन्होंने पूछा, "जिस व्यक्ति के दादा ने देश के लिए प्राण त्याग दिए, वो कैसे गद्दार हो गया?" लवली ने आरोप लगाया कि राहुल पहले भी सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते रहे हैं और अब समुदाय उन्हें माफ नहीं करेगा।

यह विवाद तब और गहरा गया जब बीजेपी ने इसे सिख समुदाय के खिलाफ कांग्रेस की पुरानी सोच से जोड़ दिया। बिट्टू, जो पहले कांग्रेस में थे और अब बीजेपी में केंद्रीय मंत्री हैं, के परिवार का इतिहास देशभक्ति से जुड़ा है। इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में तीखी बहस छेड़ दी है, जहां बीजेपी सिख नेताओं को आगे करके राहुल गांधी को घेर रही है।

संबंधित समाचार