विश्व कैंसर दिवस: कैंसर के जोखिम को कम कर सही उपचार की दी जानकारी
बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट ने बुधवार को ''यूनाइटेड बाय यूनिक'' थीम के तहत विश्व कैंसर दिवस मनाया। कार्यक्रम का आयोजन इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. अर्जुन अग्रवाल और उनकी कैंसर विशेषज्ञ टीम के नेतृत्व में आयोजित हुआ। जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मरीजों और उनके परिवारों को कैंसर के जोखिम को कम करने और सही उपचार के बारे में शिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सिद्धार्थ अरोड़ा ने बताया कि तंबाकू के त्याग, स्वस्थ आहार, वजन प्रबंधन और टीकाकरण जैसे जीवनशैली में बदलाव कर कैंसर के खतरे को कम करने के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्रारंभिक जांच (स्क्रीनिंग) की जीवन-रक्षक शक्ति के बारे में बताते हुए 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मैमोग्राफी, सर्वाइकल स्वास्थ्य के लिए पैप स्मीयर, तंबाकू उपयोगकर्ताओं के लिए नियमित ओरल चेक-अप और पीएसए टेस्ट व कोलोनोस्कोपी की आवश्यकता के बारे में बताया।
नर्सिंग स्टाफ ने कैंसर की जागरूकता फैलाने के लिए नाटक का आयोजन किया। उन्होंने खेल के माध्यम से बताया कि कैसे शरीर में दिखने वाले छोटे बदलावों (जैसे गांठ या लगातार खांसी) को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह स्पष्ट किया कि कैंसर छूने से नहीं फैलता है। तंबाकू, धूम्रपान और खराब जीवनशैली के खतरों को कहानी के माध्यम से प्रभावी ढंग से मरीजों और उनके परिवारों को बताया।
इस अवसर पर रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. लक्ष्मण, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. अंकिता पांडे, सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. आशीष कामथम और पैलिएटिव केयर विशेषज्ञ डॉ. मयूर घोघारी, नर्सिंग अधीक्षक पूनम आजाद और प्रशासनिक अधिकारी सचिन सक्सेना, नर्सिंग इंचार्ज रिंकी रानी और समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
