कानपुर : कनपटी में गोली मारकर वेल्डिंग कारीगर ने दी जान, एडीसीपी ने की घटना स्थल की जांच
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज में वेल्डिंग कारीगर ने तमंचे से कनपटी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज पर परिजनों ने पटाखा समझकर अनसुना कर दिया। दोपहर बाद आए युवक के बड़े भाई ने कमरे का दरवाजा खोला तो बिस्तर पर लहुलूहान शव देखकर चीख-पुकार मच गई। युवक को तत्काल हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत बता दिया। सूचना पर एडीसीपी सेंट्रल ने पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। युवक ने खुद को गोली क्यों मारी, इसकी वजह स्पष्ट नहीं है।
ख्योरा निवासी राम अवतार लोडर चालक हैं। परिवार में पत्नी ममता, दो बेटों में बड़ा दीपक व 20 वर्षीय अभिषेक था। दो बेटियों शिवानी व प्रीति शादीशुदा हैं। पिता ने बताया कि दोनों बेटे वेल्डिंग की दुकान पर कारीगर हैं। बुधवार सुबह वह लोडर लेकर काम पर निकल गए थे। उन्हें सब्जियां लादकर जाना था। पत्नी ममता फतेहपुर स्थित गांव में रहती हैं और बड़ा बेटा भी काम पर गया था।
परिजनों के अनुसार अभिषेक बुधवार को काम पर नहीं गया था, वह नीचे अपने कमरे में था। उसकी भाभी पूजा पहले खंड पर अपने कमरे में थीं। इसी बीच कुछ आवाज हुई, लेकिन परिजनों ने पटाखा समझकर अनसुना कर दिया। दोपहर करीब एक बजे जब दीपक खाना खाने घर आया तो वह अभिषेक के कमरे में गया। उसने बिस्तर पर उसे लहुलूहान देखकर चीख पड़ा।

परिजन मौके पर पहुंचे और उसे हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दीपक के अनुसार बिस्तर पर ही तमंचा पड़ा था और अभिषेक की कनपटी से खून बह रहा था। परिजनों ने बताया कि किसी तरह की कोई परेशानी नहीं है। बेटे ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह स्पष्ट नहीं है।
खबर पाकर पहुंचीं बनियापुर निवासी बड़ी बहन शिवानी ने बताया कि मंगलवार को अभिषेक उनसे मिलने आया था। उसने कोई परेशानी नहीं बताई। जल्दबाजी में होने के कारण खाना भी नहीं खाया था। सूचना पर एडीसीपी अर्चना सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
