विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला बजट- राही

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सपा ने फर्जी वोट बनवाए हैं तो डरना लाजमी- राही

बाराबंकी, अमृत विचार। योगी सरकार में कारागार राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राही ने केंद्रीय बजट 2026 को लेकर प्रेस वार्ता की। उन्होंने इसे विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला, दूरदर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बजट बताया।

मंत्री राही ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट अंतोदय की भावना और आत्मनिर्भर भारत की नींव है। यह बजट 145 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ अमृतकाल के लक्ष्यों को प्राप्त करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

उन्होंने बजट में पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के कायाकल्प और स्वास्थ्य क्षेत्र में की गई दूरगामी घोषणाओं की सराहना की। सुरेश राही ने कहा कि केंद्रीय बजट “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना पर आधारित है। वहीं प्रभारी मंत्री ने सपा द्वारा एसआईआर में फर्जी तरीके से वोट काटने के आरोपों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आरोप लगाना और प्रमाण देना दो अलग बातें हैं। उन्होंने कहा कि आरोप तो लग रहे हैं लेकिन क्या सपा के पास कोई प्रमाण है? हम किसी का वोट क्यों कटवाएंगे? अगर किसी का वोट काटा जाएगा तो उसके लिए पुख्ता प्रमाण चाहिए। 

मंत्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि यदि सपा ने पहले से फर्जी वोट बनवा रखे हैं तो उन्हें डर लगना लाजमी है, क्योंकि जांच में वे वोट कट जाएंगे। सपा द्वारा विशेष वर्ग (अल्पसंख्यकों) के वोट काटे जाने के आरोप पर सुरेश राही ने कहा कि भाजपा सरकार ने आज तक धार्मिक आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया है।

उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार की योजनाओं या निधि के वितरण में कोई भेदभाव हुआ है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि हमारी सरकार 'सबका साथ-सबका विकास' के मंत्र पर चलती है और सभी भारतीय नागरिकों के समान अधिकार सुनिश्चित करती है।

उन्होंने सपा के आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भेदभाव की कोई जगह नहीं है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा, विधायक दिनेश रावत, रामकुमारी मौर्या, नवीन राठौर समेत पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार