UP: इंस्टाग्राम पर सस्ते आईफोन देने का झांसा देकर करते थे ठगी, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। थाना सिविल लाइंस पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी के गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुस्तफा और साइम निवासी घेर दरिया खान कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने थाना सिविल लाइंस में बुधवार को खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाते थे। वे लोगों को बेहद कम कीमत में आईफोन 15 प्रो और आईफोन प्रो जैसे महंगे फोन मात्र 5000 में बेचने की बात कहते थे। आरोपी अनबॉक्सिंग के फर्जी वीडियो अपलोड कर लोगों का भरोसा जीतते थे। पुलिस के अनुसार अमेजन से आईफोन डिलीवरी का झांसा देकर पीड़ितों से अपने खातों में एडवांस पेमेंट मंगवाते थे। 

इसके बाद एटीएम से पैसा निकालकर उस नकदी से क्रिप्टो करेंसी खरीदकर अपने वॉलेट में जमा कर लेते थे। इसके अतिरिक्त लोगों को ऑनलाइन नौकरी का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते, सिम कार्ड और नेट बैंकिंग सक्रिय करवाते थे। इन खातों और सिम कार्ड का उपयोग साइबर धोखाधड़ी की रकम निकालने के लिए किया जाता था।

अब तक साइबर क्राइम पोर्टल पर आईफोन डिलीवरी के नाम पर ठगी की 10 से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुस्तफा पुत्र मुसब्बर खान और साइम पुत्र मुसब्बर खान के रूप में हुई है। ये दोनों घेर दरिया खान, नगर पालिका के पीछे, नगर कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। उनके खिलाफ थाना सिविल लाइंस में अपराध संख्या 49/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।

तीन आईफोन, चेक बुक, पास बुक समेत काफी सामग्री बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से तीन आईफोन, एक एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप, एक आईपैड, दो चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के मोबाइल में 20 से अधिक मोबाइल नंबर, 32 से ज्यादा जीमेल आईडी लॉगिन और कई बैंकिंग व यूपीआई ऐप सक्रिय थे।

 

संबंधित समाचार